शहर में फायर हाईड्रेंट खराब, कैसे बुझेगी आग

दीपावली पर्व की तैयारियां इन दिनों चल रही हैं। लेकिन अग्निकांड से निपटने के लिए तैयारी ठीक नहीं है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 12:18 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 12:18 AM (IST)
शहर में फायर हाईड्रेंट खराब, कैसे बुझेगी आग
शहर में फायर हाईड्रेंट खराब, कैसे बुझेगी आग

विनोद कुमार, सोलन

दीपावली पर्व की तैयारियां इन दिनों चल रही हैं। सोलन में नगर निगम व प्रशासन की नाकामी से दमकल विभाग को पानी के भटकना पड़ता है। नगर निगम सोलन के अंतर्गत दमकल विभाग की गाड़ियों में पानी भरने के लिए लगाए गए फायर हाईड्रेंट पिछले काफी समय से खराब पड़े हैं। इसके चलते दमकल विभाग को गाड़ियों में पानी भरने में परेशानी होती है। विभाग के कर्मचारियों को शहर के बाहर पानी भरने के लिए जाना पड़ता है, जिसमें काफी समय लग जाता है। दीपावली का पर्व निकट है, ऐसे में अग्निकांड का अंदेशा बढ़ जाता है।

अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों की माने तो सोलन शहर के मुख्य बाजारों के निकट पांच फायर हाईड्रेंट पिछले काफी दिनों से खराब पड़े हैं। विभाग ने कई बार इस समस्या के बारे में निगम व जिला प्रशासन को कहा, लेकिन फायर हाईड्रेंट को अब तक ठीक नहीं किया गया है। अग्निशमन विभाग की माने तो जो फायर हाईड्रेंट खराब पड़े हैं, वह मुख्य बाजार के बिल्कुल निकट हैं। ऐसे में यदि बाजार में अग्निकांड की कोई बड़ी घटना होती है तो पानी भरने के लिए दो से तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। इसमें काफी समय भी लग जाता है। दीपावली पर्व को देखते हुए इन दिनों बाजारों में खूब भीड़ भी देखने को मिल रही है। पिछले दिनों सोलन के सन्नी साइड में अग्निकांड की घटना हुई थी, यहां पर लगा फायर हाईड्रेंट उस समय भी खराब था व अब तक इसे ठीक नहीं किया गया। विभाग की माने तो यदि उस समय यह फायर हाईड्रेंट ठीक होता तो नुकसान को कम किया जा सकता था। त्यौहारी सीजन के लिए दमकल विभाग सतर्क

त्यौहारी सीजन को देखते हुए दमकल विभाग सतर्क है। विभाग ने दीपावली तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी रोक लगा दी है। सोलन में दमकल विभाग में 32 के करीब कर्मचारी हैं। विभाग का कहना है कि किसी घटना से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी है। दमकल वाहनों व उपकरणों का समय समय पर निरीक्षण किया जाता है। वहीं सोलन शहर में भी माकड्रिल का आयोजन किया जाता है। इन स्थानों पर खराब है फायर हाईडेंट

सोलन के शहर के मुख्य बाजार निकट पुराना बस अड्डा, सर्कुलर रोड, डिग्री कालेज, डीसी चौक व सन्नी साइड में फायर हाईड्रेंट बीते काफी समय से खराब पड़े हैं। लीडिग फायर आफिसर सोलन देवेंद्र दत्त शर्मा का कहना है कि सोलन शहर के मुख्य बाजारों के निकट पांच फायर हाईड्रेंट पिछले काफी समय से खराब पड़े है। इसके चलते दमकल वाहनों में पानी भरने के लिए शहर से बाहर जाना पड़ता है। वहीं आगामी त्यौहारी सीजन के लिए विभाग सतर्क है।

chat bot
आपका साथी