संगठन व सरकार में कोई मतभेद नहीं : सुक्खू

जागरण संवाददाता, सोलन : प्रदेश कांग्रेस के संगठन व राज्य सरकार में कहीं कोई मतभेद नहीं और जो ऐसी बात

By Edited By: Publish:Thu, 26 Mar 2015 06:49 PM (IST) Updated:Thu, 26 Mar 2015 06:49 PM (IST)
संगठन व सरकार में कोई मतभेद नहीं : सुक्खू

जागरण संवाददाता, सोलन : प्रदेश कांग्रेस के संगठन व राज्य सरकार में कहीं कोई मतभेद नहीं और जो ऐसी बातें फैलाते हैं, वह स्वयं कहीं न कहीं गलत हैं। मुख्यमंत्री व मंत्री सभी पार्टी के साथ तालमेल बिठाकर कार्य कर रहे है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस भवन शिमला में मंत्री कार्यकर्ताओं से मिलने व लोगों की समस्याएं सुनने के लिए बैठ रहे हैं। कांग्रेस का कुनबा एकजुट है। संगठन अपनी गतिविधियां चला रहा है, जबकि सरकार जनहित में कार्य कर रही है।

यह कहना है कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू का, जो बुधवार रात्रि शिमला जाते समय कुछ देर के लिए सोलन में रुके और पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन सरकार के साथ पूरा तालमेल बनाकर चल रहा है। सरकार पार्टी के सुझावों व लोक कल्याण के प्रस्तावों पर अमल कर रही है। पार्टी के संगठनात्मक जिले बनाए जाने का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र अमलीजामा पहनाया जाएगा। बड़े निर्वाचन क्षेत्रों में नए संगठनात्मक ब्लाक भी बनाए जाएंगे। संगठनात्मक जिले बनाने को लेकर पार्टी व सरकार में कोई मतभेद नहीं, मुख्यमंत्री स्वयं भी इसके पक्ष में हैं। उनसे पूछा गया कि भाजपा में इस तरह की परिपाटी अधिक सफल नहीं हो पाई तो कहा कि यह प्रयोग नहीं, जिसमें सफलता-असफलता देखी जाए। यह संगठन की बेहतरी के लिए किया जा रहा है। उन्होंने पंचायतों व नगर निकाय चुनाव को पार्टी चुनाव चिह्न पर न करवाए जाने पर भी सहमति जताई कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं, जहां राजनीति नहीं होनी चाहिए। जिला परिषद चुनाव पार्टी आधार पर करवाने पर विचार किया जा रहा है।

प्रदेश की कांग्रेस राजनीति में अंदरुनी तौर पर चल रही खींचतान व डिनर डिप्लोमेसी पर सुक्खू का कहना है कि किसी को लंच-डिनर देना व आपसी बैठकें करना, मंत्रियों व नेताओं का अधिकार है। इससे किसी को एतराज नहीं होना चाहिए और सभी मंत्री अपने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने माना कि कुछ स्थानों पर संगठन की गतिविधियां ठीक नहीं चल रही हैं। वहां फेरबदल किया जाएगा और जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उन्हें बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य चार-पांच लाख सदस्य बनाने का है।

परमार विवि घोषित हो राष्ट्रीय विवि

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोलन के डॉ. वाइएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी को राष्ट्रीय विश्वविद्यालय घोषित करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चारों सांसद इस मुद्दे को प्रमुखता से केंद्र के समक्ष रखें। यह एशिया की पहली यूनिवर्सिटी है, जिसे राष्ट्रीय दर्जा मिलना चाहिए। इस मौके पर सोलन नगर परिषद के प्रधान कुल राकेश पंत, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बलदेव सिंह ठाकुर, ब्लॉक महासचिव महासचिव मुकेश शर्मा, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष जतिन साहनी सहित अन्य भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी