हिमाचल: मोदी लहर के साथ जयराम की स्वच्छ छवि पर जनता की मुहर

हिमाचल में चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है इस जीत में जयराम सरकार की स्‍वच्‍छ छवि का भी विशेष योगदान रहा है।

By BabitaEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 08:41 AM (IST) Updated:Fri, 24 May 2019 08:41 AM (IST)
हिमाचल: मोदी लहर के साथ जयराम की स्वच्छ छवि पर जनता की मुहर
हिमाचल: मोदी लहर के साथ जयराम की स्वच्छ छवि पर जनता की मुहर

शिमला, राज्य ब्यूरो। नरेंद्र मोदी की लहर के साथ हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार की स्वच्छ छवि पर भी जनता ने मुहर लगाई है। प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें भाजपा प्रत्याशियों द्वारा प्रचंड बहुमत के साथ जीतने से जाहिर है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कड़ी मेहनत रंग लाई है। भाजपा की जीत में राज्य सरकार की छवि ने भी बड़ा योगदान दिया है।

प्रदेश में यह पहला मौका है जब सभी 68 हलकों में भाजपा को लीड मिली है। जयराम ठाकुर की मेहनत की जीत में अहम भूमिका रही है। सत्ता में आने के बाद जयराम ठाकुर ने डेढ़ साल के कार्यकाल में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से सीधा संपर्क स्थापित किया। प्रदेश भाजपा सरकार ने जनमंच जैसी चुनौतीपूर्ण योजना शुरू कर आम लोगों का दिल जीता। इस योजना ने प्रदेश के हर आम आदमी की समस्या का मौके पर समाधान किया। 

लोकसभा चुनाव की घोषणा होेने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री के पांव में फ्रेक्चर हुआ। लेकिन पांव की परवाह किए बिना जयराम ने करीब 70 दिन तक राज्यभर में चुनाव प्रचार किया। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने 106 बैठकें की। पहली बार प्रदेश की कमान संभालने वाले जयराम ने संजीदा नेतृत्व की पहचान छोड़ी। अपने छोटे से कार्यकाल में जयराम ने अधिक से अधिक लोगों से संपर्क किया। डेढ़ साल के कार्यकाल में जनता में भाजपा की ईमानदार सरकार की छवि बनी। यह राजनीतिक अनुभव का परिणाम है कि जयराम ठाकुर ने चुनाव प्रचार के दौरान सार्वजिनक तौर पर स्वीकार किया कि प्रदेश में मोदी लहर चल रही है।

केंद्र सरकार की योजनाओं आयुष्मान, उज्ज्वला, बेरोजगारों के लिए मुद्रा योजना आदि की सफलता के साथ-साथ राज्य सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए आयु सीमा 80 साल से घटाकर 70 साल की। इसके अलावा आयुष्मान की तर्ज पर राज्य सरकार ने हिम केयर स्वास्थ्य बीमा योजना सहित 50 कल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं। कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव नतीजों ने प्रदेश भाजपा सरकार को राजनीतिक तौर पर भी स्थापित कर दिया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी