गर्मी बेशुमार, अब बारिश को रहें तैयार

हिमाचल प्रदेश के लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलेगी। पश्चिमी हवाएं सक्रिय होने से तीन दिन तक मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इससे मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

By Neeraj Kumar Azad Edited By: Publish:Sun, 01 May 2016 08:16 PM (IST) Updated:Sun, 01 May 2016 08:18 PM (IST)
गर्मी बेशुमार, अब बारिश को रहें तैयार

शिमला : हिमाचल प्रदेश के लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलेगी। पश्चिमी हवाएं सक्रिय होने से तीन दिन तक मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इससे मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। रविवार देर रात से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से हल्की ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई थी। इससे आगामी दिनों में गर्मी से राहत की आस है।
रविवार को राज्यभर में सुबह की शुरुआत खिली धूप से हुई। सुबह 10 बजे से ही तेज धूप से लोगों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। राज्य में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। गर्मी बढऩे से आग लगने की घटनाओं में भी हुई बढ़ोतरी। जंगल धू-धू कर जलने लगे हैं, अग्निशमन विभाग और वन विभाग की सांसे आग की घटनाओं से फूलने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो रही हैं। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी हो जाएगा और यह सिलसिला छह मई तक जारी रहेगा। इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान ऊना में 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान केलंग में 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
फसलें सूखने की कगार पर
राजधानी शिमला में पड़ रही तेज गर्मी के कारण सूखे की स्थिति बन गई है। राज्य के किसान व बागवानों को फसलों की चिंता सताने लगी है। किसान-बागवान आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

कहां कितना रहा तापमान
स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 17.3 26.7
सुंदरनगर 14.6 36.4
भुंतर 10.9 32.8
कल्पा 7.4 22.8
धर्मशाला 15.8 30.2
ऊना 19.0 40.4
मंडी 17.3 32.2
नाहन 25.0 33.7
केलंग 3.2 17.8
सोलन 15.2 31.0

chat bot
आपका साथी