साइकिल रैली से देंगे पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ रहने का संदेश

यदि स्वस्थ रहना चाहते हैं तो पैदल चलने की आदत अपनानी होगी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 Sep 2018 08:02 PM (IST) Updated:Tue, 25 Sep 2018 08:02 PM (IST)
साइकिल रैली से देंगे पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ रहने का संदेश
साइकिल रैली से देंगे पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ रहने का संदेश

जागरण संवाददाता, शिमला : यदि स्वस्थ रहना चाहते हैं तो पैदल चलने की आदत अपनानी होगी। यदि अधिक पैदल न चल सकें तो पैडल चलाने की आदत डालें। इससे सेहत सही रहने के साथ पर्यावरण संरक्षण भी होगा। इसी दिशा में 14वीं हीरो एमटीबी हिमालय साइकिल रैली 27 सितंबर से शुरू होगी। इस दिन अंतरराष्ट्रीय पर्यटन दिवस है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिमला में रैली का हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। छह अक्टूबर को धर्मशाला में रैली समाप्त होगी।

रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। रैली में 650 किलोमीटर सफर तय किया जाएगा, जिसे आठ चरणों में कवर किया जाएगा। प्रतिभागी शिमला से जंजैहली-मंडी-बरोट-बीड़-पालमपुर होते हुए धर्मशाला पहुचेंगे। रैली पर्यटन विभाग के सहयोग से हस्तपा की ओर से आयोजित की जा रही है। इसमें 14 देशों के 72 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। ओपन मैन सोलो, ओपन वूमन सोलो, टीम ऑफ टू, ओपन मास्टर सोलो, ओपन ग्रेड मास्टर सोलो में रैली होगी। इसमें भारत सहित नार्वे, आस्ट्रिया, जर्मनी, न्यूजीलैंड, यूके, पुर्तगाल, स्पेन, नेपाल, बाग्लादेश सहित 14 देशों के प्रतिभागी शामिल हैं।

---------

हस्तपा बनाकर मोहित सूद ने सहेजा पर्यावरण

हिमाचल में साइकिल रैली करवाने का श्रेय शिमला के युवा मोहित सूद को है। मोहित की पढ़ाई सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला से हुई और इसके बाद उन्होंने दिल्ली विवि से बीए अर्थशास्त्र ऑनर्स की डिग्री हासिल की। हिमाचल प्रदेश विवि शिमला से एमबीए करने के बाद उन्होंने कारोबार शुरू किया। वह हिमालयन कार रैली व रेड डी हिमालयन कार रैलियों में काम करते थे। उस दौरान उन्हें साइकिल रेस शुरू करने का विचार आया, जिससे पर्यावरण सुरक्षित रहने के साथ साहसिक पर्यटन को विकसित किया जा सकता था। वर्ष 2004 में मोहित ने हिमालयन एडवेंचर स्पो‌र्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (हस्तपा) का गठन किया। पहली बार आयोजित साइकिल रैली में 19 विदेशी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। मोहित सूद का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास की खुशी है। हम हीरो एमटीबी रेस से हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता को दुनियाभर में दिखाना चाहते हैं।

chat bot
आपका साथी