हिमाचल की चारों सीटें प्रधानमंत्री की झोली में डालेंगे : जयराम

नगर निगम उपचुनाव में जीत सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों की सफलता का परिणाम है।

By Edited By: Publish:Sun, 13 Jan 2019 09:27 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jan 2019 09:02 AM (IST)
हिमाचल की चारों सीटें प्रधानमंत्री की झोली में डालेंगे : जयराम
हिमाचल की चारों सीटें प्रधानमंत्री की झोली में डालेंगे : जयराम

शिमला, राज्य ब्यूरो। नगर निगम शिमला के उपचुनाव में जीत सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों की सफलता का परिणाम है। लोकसभा चुनाव में हिमाचल से चारों सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डालेंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। जब कोई भी कार्य पूरे मन और जुनून के साथ किया जाता है तो लक्ष्य अवश्य हासिल होता है।

लोकसभा चुनाव से पहले नए साल की यह जीत हासिल करना भविष्य के लिए शुभ संकेत है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकारी आवास ओकओवर में नगर निगम शिमला के सांगटी वार्ड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत पर भाजपा मंडल के आयोजित धन्यवाद समारोह में कही। चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए उन्होंने मीरा शर्मा को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के चहुंमुखी विकास और लोगों के कल्याण के लक्ष्य पर कार्य किया जा रहा है। राज्य का कोई क्षेत्र विकास की बयार से अछूता न रहे, इस बात को सुनिश्चित बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने पौने पांच वर्ष के दौरान देश को दुनियाभर में सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया है। अनेकों ऐसी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ो लोगों तक पहुंचा है। इससे पहले सांगटी वार्ड से विजयी उम्मीदवार मीरा शर्मा और भाजपा मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा, नगर निगम के उप महापौर राकेश शर्मा, पार्षद, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, मीडिया सलाहकार रोहित सावल, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेंद्र कुमार धर्माणी, सक्षम गुड़िया बोर्ड की अध्यक्ष रूपा शर्मा, एपीएमसी के अध्यक्ष नरेश शर्मा व कई पंचायतों के प्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सांगटी की जीत का संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा

भारद्वाज शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर कहा कि सांगटी वार्ड में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत है, क्योंकि इस वार्ड से पहली बार कोई भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीता है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और कार्यप्रणाली को देते कहा कि इस वार्ड में प्रदेश के विभिन्न भागों के लोग रहते हैं। इस जीत का संदेश पूरे राज्य में जाना स्वाभाविक है।

chat bot
आपका साथी