सेब सीजन में 210 अतिरिक्त जवान संभालेंगे यातायात व्यवस्था

जिला शिमला में सेब सीजन शुरू हो गया है। इस बार 15 दिन पहले ही मंडियों में सेब आना शुरू हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Jun 2022 05:37 AM (IST) Updated:Wed, 29 Jun 2022 05:37 AM (IST)
सेब सीजन में 210 अतिरिक्त जवान संभालेंगे यातायात व्यवस्था
सेब सीजन में 210 अतिरिक्त जवान संभालेंगे यातायात व्यवस्था

जागरण संवाददाता, शिमला : जिला शिमला में सेब सीजन शुरू हो गया है। इस बार 15 दिन पहले ही मंडियों में सेब आना शुरू हो गया है। सीजन में लोगों को ट्रैफिक जाम से न जूझना पड़े, इसके लिए पुलिस नया ट्रैफिक प्लान तैयार कर रही है। पुलिस 210 अतिरिक्त जवानों को सेब सीजन के दौरान यातायात का जिम्मा संभालने के लिए तैनात करेगी। जिला पुलिस की ओर से पुलिस मुख्यालय को इसका प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें सात रिजर्व भेजने की मांग की है। एक रिजर्व में 30 जवान होते हैं।

वहीं 60 अतिरिक्त जवानों को पुलिस ने सोमवार से यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात कर दिया है। सेब सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर का अधिकारी भी तैनात किया जाएगा। इनके पास कुफरी से शोघी वाया मैहली बाईपास तक के ट्रैफिक की व्यवस्था का जिम्मा रहेगा। यह पहला मौका है जब एएसपी स्तर के अधिकारी को अलग से सेब सीजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था के लिए तैनात किया जा रहा है।

शिमला में इन दिनों अन्य राज्यों से काफी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटक ज्यादातर ऊपरी शिमला की तरफ ही घूमने के लिए जाते हैं। पर्यटक वाहनों के बाद सेब ढुलाई के लिए आने वाले वाहनों से ट्रैफिक जाम लगने की संभावना ज्यादा है। ऐसे में पुलिस ने पहले से ही इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सेब लेकर आने वाले ट्रकों को शहर में नहीं मिलेगा प्रवेश

पुलिस ने सेब सीजन के लिए जो ट्रैफिक प्लान बनाया है उसके अनुसार ट्रकों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी ट्रकों को शोघी-मैहली बाईपास होते हुए रवाना किया जाएगा। ऊपरी शिमला से आने वाले सेब से लदे ट्रकों को ढली से मैहली की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। मैहली से आगे शहर में ट्रकों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मैहली से ट्रक सीधे शोघी पहुंचेंगे और यहां से आगे मुख्य मार्ग से होते हुए मंडियों की ओर रवाना होंगे। शोघी-मैहली बाईपास से ही चलेंगे ट्रक

सीजन के दौरान सेब से लदे ट्रकों को शोघी-मैहली बाईपास होते रवाना किया जाएगा। कोई भी ट्रक न तो शहर में प्रवेश करेगा और न ही टूटीकंडी बाईपास होते रवाना होगा। सेब सीजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के आसपास दो स्थानों पर दिन-रात नाके लगे रहेंगे। ढली से सेब की गाड़ियां शहर में प्रवेश न करें, इसके लिए चौक पर पुलिस के जवानों की तैनाती रहेगी। ढली टनल पर भी जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा मैहली में भी स्थायी नाका लगाया जाएगा ताकि सेब की सभी गाड़ियों की रवानगी शोघी बाईपास होते सुनिश्चित की जा सके। सेब सीजन के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। सीजन के दौरान अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे।

डा. मोनिका, एसपी शिमला।

chat bot
आपका साथी