फोरलेन से मिले जख्मों पर नमक लगाएगा टोल प्लाजा

फोरलेन प्रभावित किसान संघ कुल्लू व मंडी ने टकोली में रविवार को धरना प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Mar 2020 09:06 PM (IST) Updated:Mon, 02 Mar 2020 06:25 AM (IST)
फोरलेन से मिले जख्मों पर नमक लगाएगा टोल प्लाजा
फोरलेन से मिले जख्मों पर नमक लगाएगा टोल प्लाजा

जागरण टीम, नगवाई/पद्दर/बजौरा : फोरलेन प्रभावित किसान संघ कुल्लू-मंडी सड़क पर उतर आया है। रविवार को सैकड़ों किसानों ने टकोली से लेकर प्रस्तावित टोल प्लाजा तक रोष रैली निकाली। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले संघ ने टकोली में बैठक की और प्रस्तावित टोल प्लाजा का विरोध किया।

फोरलेन प्रभावित किसान संघ के अध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि फोरलेन ने पहले ही किसानों की कमर तोड़ दी है। अब टोल प्लाजा स्थापित होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। टोल प्लाजा किसानों के जख्मों पर नमक लगाएगा। उन्होंने कहा कि 60 किलोमीटर की दूरी पर ही दूसरा टोल प्लाजा हो सकता है, लेकिन इस नियम को दरकिनार करते हुए डोहलूनाला से केवल 32 किलोमीटर की दूरी पर दूसरा टोल प्लाजा स्थापित किया जा रहा है। कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में फोरलेन प्रभावितों को चार गुणा मुआवजा देने की बात कही थी, लेकिन घोषणा धरातल पर लागू नहीं हो पाई है। इसी के साथ वर्ष 2013 का भूमि अधिग्रहण कानून भी हिमाचल में सरकार लागू नहीं कर पाई है, जिससे प्रभावितों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि फोरलेन निर्माण के दौरान एनएच पर भारी धूल उड़ रही है। आलम यह है कि इलाके के लोगों को सांस संबंधी रोग लगना शुरू हो गए हैं। फोरलेन प्रभावित किसान संघ ने विस्थापितों का पुनर्वास, जमीन का चार गुणा मुआवजा देने, दुकानदारों को गुडविल देने, पर्यावरण को स्वच्छ रखने और प्रभावित परिवारों के सदस्यों को रोजगार देने की मांग उठाई है। अगर मांगों की अनदेखी की गई तो किसान, बागवान व दुकानदार आंदोलन को उग्र करेंगे।

chat bot
आपका साथी