मंडी में अब 12 रुपये में मिलेगा मास्क

जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच जिले में थ्री लेयर मास्क की कमी को दूर करने का पक्का इंतजाम कर लिया है। जिले में लोगों की मांग को देखते हुए स्वयं सहायता समूहों की मदद से मास्क तैयार करवाए जा रहे हैं । इन मास्क को बनाने में वही सामग्री इस्तेमाल की जा रही है जो मेडिकल मास्क के लिए उपयोग में लाई जाती है। एक मास्क की कीमत 12 रुपये होगी। स्वयं सहाय

By JagranEdited By: Publish:Sat, 21 Mar 2020 04:59 PM (IST) Updated:Sun, 22 Mar 2020 06:14 AM (IST)
मंडी में अब 12 रुपये में मिलेगा मास्क
मंडी में अब 12 रुपये में मिलेगा मास्क

जागरण संवाददाता, मंडी : जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच जिले में थ्री लेयर मास्क की कमी को दूर करने का पक्का इंतजाम कर लिया है। जिले में लोगों की मांग को देखते हुए स्वयं सहायता समूहों की मदद से मास्क तैयार करवाए जा रहे हैं। इन मास्क को बनाने में वही सामग्री इस्तेमाल की जा रही है जो मेडिकल मास्क के लिए उपयोग में लाई जाती है। एक मास्क की कीमत 12 रुपये होगी।

स्वयं सहायता समूहों ने शनिवार से मास्क बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए उन्हें खास प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशासन ने पांच से छह हजार मास्क बनाने की सामग्री मंगवाई है। जरूरत के अनुसार जल्द ही और सामग्री मंगवाई जाएगी। पहले यह मास्क अस्पतालों में व कोरोना के लक्षणों वाले लोगों व उनकी देखभाल में लगे लोगों को मुहैया करवाए जाएंगे। अतिरिक्त उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने इसकी पुष्टि की है।

सही तरीके से पहनें मास्क

मास्क पर सामने से हाथ नहीं लगाना चाहिए। मास्क को ऐसे पहनना चाहिए कि नाक, मुंह उससे ढका रहे। मास्क को गले पर न लटकाएं। मास्क उतारते वक्त भी मास्क का फीता पकड़ कर निकालना चाहिए, मास्क नहीं छूना चाहिए। हर रोज मास्क बदलना चाहिए व इसके बाद तुरंत हाथ धोने चाहिए। थ्री लेयर मास्क जिसे सही ढंग से पहना हो, केवल 6 से 8 घंटे तक ही प्रभावी है। इसके बाद इसे सुरक्षित तरीके से ठिकाने लगाना चाहिए। वहीं यदि इन छह से आठ घंटे की अवधि के दौरान मास्क गीला हो जाए तो उसे तुरंत बदलना चाहिए।

प्रयोग किए मास्क को कैसे लगाएं ठिकाने

प्रयोग किए गए मास्क को संभावित रूप से संक्रमित माना जाता है। इसे ब्लीच या सोडियम हाइपोक्लोराइट घोल का उपयोग कर कीटाणुरहित करके जला कर अथवा जमीन में गहरा दबा कर नष्ट करना चाहिए।

हाथ अच्छी तरह धोएं

इसके अलावा साबुन से बार-बार सही तरीके से 40 सेकेंड तक हाथ धोना संक्रमण से बचाव व रोकथाम का कारगर तरीका है। अपने हाथ अच्छी तरह धोएं। खांसते या छींकते समय अपना मुंह ढक लें। हाथ साफ नहीं हो तो आंखों, नाक और मुंह को छूने से बचें।

chat bot
आपका साथी