दिल्ली का संदेश समझे मंडी की जनता : जयराम

By Edited By: Publish:Fri, 18 Apr 2014 01:01 AM (IST) Updated:Fri, 18 Apr 2014 01:01 AM (IST)
दिल्ली का संदेश समझे मंडी की जनता : जयराम

जागरण संवाददाता, मंडी : भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं सिराज हलके के विधायक जयराम ठाकुर ने कहा है कि दिल्ली का संदेश मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता को समझना चाहिए। केंद्र में भाजपा की सरकार बनना तय है। इसलिए जनता को मंडी संसदीय क्षेत्र से रामस्वरूप शर्मा को विजयी बनाकर संसद में भेजना चाहिए।

ऐतिहासिक सेरी मंच पर रामस्वरूप शर्मा के नामांकन अवसर पर आयोजित रैली में जयराम ठाकुर ने कहा कि उपचुनाव व आम चुनाव में रात-दिन का अंतर है। भाजपा ने एक आम कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने का मौका दिया है जबकि कांग्रेस अभी भी 'राजा-रानी' के फेर में फंसी हुई है। उपचुनाव में विकास नहीं बल्कि प्रतिभा सिंह की जीत सुनिश्चित करना सरकार का लक्ष्य था। यूपीए सरकार ने अपने दस वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में रेलवे व हवाई सेवा विस्तार के लिए कुछ नहीं किया। वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में बदले की भावना से काम करने की नींव डाल एक नई परंपरा को जन्म दिया है। सवा साल के शासनकाल में पंचायत प्रधान से लेकर प्रतिपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए कब्जे बनाने के सिवाए कुछ नहीं किया गया। जयराम ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा कबड्डी के खिलाड़ी रहे हैं। इस बार वह चुनावी कबड्डी जीतकर आएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक चैन से न बैठें।

chat bot
आपका साथी