हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, रोहतांग दर्रे सहित पहाड़‍ियों पर हुई बर्फबारी से ठंड में इजाफा

Snowfall in Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश में अरसे बाद मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार शाम से मौसम के करवट बदलते ही लाहुल स्पीति व कुल्लू मनाली की ऊंची चोटियों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 08:49 AM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 08:49 AM (IST)
हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, रोहतांग दर्रे सहित पहाड़‍ियों पर हुई बर्फबारी से ठंड में इजाफा
लाहुल स्पीति व कुल्लू मनाली की ऊंची चोटियों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया।

मनाली, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश में अरसे बाद मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार शाम से मौसम के करवट बदलते ही लाहुल स्पीति व कुल्लू मनाली की ऊंची चोटियों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। गर्मियों में लाखों देशी-विदेशी सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग व बारालाचा दर्रे सहित घाटी की ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। पहाड़ों में हिमपात का क्रम शुरू होने से घाटी ठंड की चपेट में आ गई है। सोमवार सुबह भी बादल छाए हुए हैं। रोहतांग दर्रे पर भी बर्फबारी हुई है, अब पर्यटक यहां का रुख कर सकते हैं। अटल टनल रोहतांग के बन जाने के बाद रोहतांग दर्रे पर पर्यटक नहीं जा रहे थे। इसका दूसरा कारण वहां बर्फ न होना भी था। लेकिन अब बर्फबारी का दौर शुरू होने से पर्यटक 13 हजार फीट ऊंचे दर्रे का रुख कर सकते हैं।

लाहुल की समस्त पहाड़ियों में बर्फ के फाहे गिरे हैं। जिला मुख्यालय केलंग के साथ लगती पहाड़ी लेडी ऑफ केलंग ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शिंकुला दर्रे सहित घेपन पीक, कोकसर जोत, बारालाचा, कुंजम, छोटा व बड़ा शीघ्री ग्लेशियर, दारचा की पहाड़ियों, नीलकंठ जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ़बारी हुई है।

दूसरी ओर रोहतांग सहित मकरवदे व शिकरवेद, धुंधी जोत, मनालसू, हामटा, इंद्र किला, हनुमान टिब्बा, दशौहर, भृगु लेक में भी फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। सोमवार सुबह धूप खिलते ही बर्फ की परत ओढ़े पहाड़ियां निखर उठीं। पहाड़ों पर बर्फ़बारी होने से मनाली में पर्यटन कारोबार बढ़ने की भी उमीद जगी है। सुबह कुछ समय धूप खिलने के बाद फ‍िर से बादल मंडराने लगे हैं।

Himachal Weather Forecast: बादल छाने से अधिकतम तापमान में आई गिरावट, ठंड में इजाफा

chat bot
आपका साथी