पार्षदों की प्राथमिकता से विकास को रफ्तार

नवगठित नगर निगम पालमपुर के प्रतिनिधियों की पहली ही बैठक में विकास का खाका तय हो गया था।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 06:45 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 06:45 PM (IST)
पार्षदों की प्राथमिकता से विकास को रफ्तार
पार्षदों की प्राथमिकता से विकास को रफ्तार

संवाद सहयोगी, पालमपुर : नवगठित नगर निगम पालमपुर के प्रतिनिधियों की पहली ही बैठक में यह बात तय हो गई है कि पालमपुर शहर को सिर्फ नगर निगम नहीं बल्कि स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सुनियोजित तरीके से विकसित किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस व भाजपा दोनों दलों के समर्थित पार्षदों ने भी हामी भरी है। पालमपुर शहर के विकास का पहला चरण पार्षद प्राथमिकता होगी। पार्षदों की प्राथमिकता के तहत हर वार्ड में कार्य शुरू होंगे। इससे विकास को रफ्तार मिलेगी।

पार्षद प्राथमिकता के तहत नगर निगम के पास पांच-पांच लाख रुपये प्रति वार्ड बजट स्वीकृत हो गया है। पार्षदों की ओर से अपने-अपने वार्डो में विकास कार्यो के लिए दिए गए प्रस्ताव की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) मंजूर हो गई है। पालमपुर नगर निगम के विकास के पहले चरण के कार्य हर वार्ड में जल्द शुरू हो रहे हैं। इन कार्यो के बाद निगम में विकास की प्राथमिकताओं में स्वच्छता, गलियों की मरम्मत, चिल्ड्रन पार्क सहित कचरा संयंत्र का सुधार करना रहेगा। वहीं, बेकार प्लास्टिक से ईटें बनाकर शहर की गलियों में बिछाने व एक दशक से अधिक समय से प्रस्तावित मल्टीस्टोरी पार्किंग के निर्माण को नए सिरे से मंजूरी दी जाएगी ताकि निगम की आय में बढ़ोतरी हो सके। घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए नई योजना

पालमपुर शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए नई योजना बनाई गई है। इसके तहत हर घर के बाहर बारकोड लगाया जाएगा। जब भी कूड़ा उठाने वाला जाएगा तो उसे उस कोड को स्कैन करना होगा। इससे निगम को पता चल जाएगा कि हर दिन किस घर से कूड़ा उठाया गया है और किस घर से नहीं।

--------------- रेहड़ी-फड़ी धारकों को मिलेगा उचित स्थान

पालमपुर शहर में रेहड़ी-फड़ी वालों को सभी वार्डो में समायोजित कर उचित स्थान पर बैठाया जाएगा। इसके लिए शहर के निकटवर्ती चार स्थलों को चिह्नित किया गया है। इनमें मुख्य बाजार में दो जगह सहित घुग्घर, चौकी, राजपुर, कालू दी हट्टी आदि में रेहड़ी फड़ी वालों को उचित स्थान दिया जाएगा ताकि इनकी रोजी रोटी चली रहे। रेहड़ी फड़ी लगाकर बैठने वाले लोगों से तहबाजारी भी ली जाएगी।

-------------- नगर निगम की बैठक में हुए निर्णय के अनुसार विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। पालमपुर शहर का विकास स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सुनियोजित तरीके से किया जाएगा।

-पकंज शर्मा, आयुक्त, नगर निगम पालमपुर।

chat bot
आपका साथी