वर्तमान सरकार ने लगाया प्रदेश के माथे पर कलंक: शांता कुमार

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में प्रदेश के माथे पर इस प्रकार का कलंक का टीका पहले कभी नहीं लगा था, जो कांग्रेस राज के अंतिम दिनों में आजकल लग रहा है

By Munish DixitEdited By: Publish:Wed, 30 Aug 2017 07:30 PM (IST) Updated:Thu, 31 Aug 2017 09:04 AM (IST)
वर्तमान सरकार ने लगाया प्रदेश के माथे पर कलंक: शांता कुमार
वर्तमान सरकार ने लगाया प्रदेश के माथे पर कलंक: शांता कुमार

जेएनएन, पालमपुर: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा भाजपा सांसद शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लंबे इतिहास में प्रदेश के माथे पर इस प्रकार का कलंक का टीका पहले कभी नहीं लगा था, जो कांग्रेस राज के अंतिम दिनों में आजकल लग रहा है। पुलिस विभाग के आइजी के पद पर आसीन अधिकारी समेत कुछ अधिकारियों की सीबीआइ की ओर से गिरफ्तारी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पर लगे गंभीर आरोप और उसके बाद कोटखाई जैसी घटनाओं के कारण पहले ही हिमाचल बदनाम हो चुका था।

उन्होंने कहा कि कोटखाई जैसे गंभीर अपराध की जांच के लिए जिस आइजी की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई गई, उस पर ही अपराधियों को बचाने और पुलिस थाने में एक गवाह की हत्या का आरोप लगा है। आजादी के 70 साल के बाद एक गरीब परिवार की 16 वर्षीय बालिका का अपहरण, बलात्कार और फिर निर्दयता के साथ हत्या तथा उसके बाद आइजी की अध्यक्षता में जांच समिति की ओर से अपराधियों की मदद करना, एक बहुत बड़ा अपराध है और पाप भी है। उस अभागी लड़की का परिवार क्या सोचता रहा होगा कि आजाद भारत में उन्हें जीने का अधिकार भी क्यों नहीं हैं।

शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में इतने ऊंचे पदों पर बैठे पुलिस अधिकारियों को इस प्रकार के अपराध के आरोप में पहले कभी गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने यह सब बड़े नेताओं के दवाब में या धन के लालच में किया होगा। इस मामले में सरकार और पुलिस पूरी तरह बदनाम हो गई है और उन्होंने पूरे हिमाचल प्रदेश का सर नीचे कर दिया है। उन्होंने सीबीआई की प्रशंसा की। इन पुलिस अधिकारियों ने जिन नेताओं के दबाव में आकर यह अपराध किया उन्हें भी सजा दी जानी चाहिए। हिमाचल की जनता चुनाव का इंतजार कर रही हैं ताकि कांग्रेस को इतिहास की सबसे अधिक करारी हार देकर हिमाचल के माथे से इस कलंक को धोया जा सके।

यह भी पढ़ें: गुड़‍िया गैंगरेप व मर्डर केस: सीबीआइ ने आईजी सह‍ित आठ को किया ग‍िरफ्तार

chat bot
आपका साथी