फोरलेन के नए सर्वे के खिलाफ घुरकड़ी निवासी, किया प्रदर्शन

पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मटौर कछियारी प्रस्तावित फोरलेन का नया सर्वे घुरकड़ीवासियों को मंजूर नहीं है।

By Edited By: Publish:Sun, 14 Apr 2019 09:53 PM (IST) Updated:Mon, 15 Apr 2019 09:39 AM (IST)
फोरलेन के नए सर्वे के खिलाफ घुरकड़ी निवासी, किया प्रदर्शन
फोरलेन के नए सर्वे के खिलाफ घुरकड़ी निवासी, किया प्रदर्शन

कांगड़ा, जेएनएन। घुरकड़ी के बाशिंदों ने पठानकोट-मंडी फोरलेन के लिए नए प्रस्तावित सर्वे के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सर्वे उन्हें मंजूर नहीं है। इस संबंध में शिकायत पत्र घुरकड़ी वार्ड दो टीका सुनेहड़ के अनूप गिल, राजेंद्र गिल, अशोक शर्मा, विकास सूद, चुन्नी लाल, रोशन लाल, अमीर चंद, सुरेश कुमार, चंदू राम व नीमो देवी ने एसडीएम कांगड़ा को सौंपा है।

साथ ही इसकी प्रतिलिपियां प्रधानमंत्री, भूतल परिवहन मंत्री भारत सरकार, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक व जिलाधीश को प्रेषित की हैं। नए सर्वे के अनुसार, 30 से 40 घर प्रस्तावित फोरलेन की जद में आ रहे हैं। ज्यादातर पीड़ित परिवार अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति से संबंधित हैं और मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे हैं। गांववासियों का कहना है कि यहां से पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग 50 मीटर की दूरी पर है। ग्रामीणों के अनुसार, सबसे पहले उसी का सर्वे हुआ था और वह उन्हें मंजूर था तथा वह गूगल पर दर्ज हो चुका है। सेना की आपत्ति के कारण पुराना सर्वे निरस्त हो गया है।

लोगों का कहना है कि नया सर्वे उन्हें मंजूर नहीं होगा। तर्क दिया कि कच्छियारी-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरकारी भूमि पर कब्जे हैं और इन्हें हटाकर सरकार प्रस्तावित फोरलेन के लिए भूमि पूरी कर सकती है। तर्क दिया कि इससे गरीब लोग विस्थापित होने से बच जाएंगे। गांववासियों ने सरकार से मांग की है कि उनके घरों को उजाड़ने से बचाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

chat bot
आपका साथी