उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री को फ्री हैंड दे गए राष्ट्रीय अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाकर तीन दिन के प्रवास के बाद मंगलवार सुबह दिल्ली लौट गए। तीन दिन तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी नड्डा के साथ रहे। इस दौरान प्रदेश में होने वाले उपचुनाव पर चर्चा हुई।

By Neeraj Kumar AzadEdited By: Publish:Tue, 06 Jul 2021 08:17 PM (IST) Updated:Tue, 06 Jul 2021 08:17 PM (IST)
उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री को फ्री हैंड दे गए राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन दिवसीय दौरे के बाद मंगलवार को दिल्ली लौट गए। जागरण

हंसराज सैनी, मंडी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाकर तीन दिन के प्रवास के बाद मंगलवार सुबह दिल्ली लौट गए। तीन दिन तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी नड्डा के साथ रहे। दोनों के बीच सरकार के कामकाज, संगठन व मंडी संसदीय क्षेत्र, फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई विधानसभा हलके के उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष उपचुनाव में प्रत्याशियों के चयन को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को फ्री हैंड दे गए। नड्डा की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हरकत में आए गए हैं। सोमवार को कुल्लू में मंडी संसदीय क्षेत्र की बैठक में पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाया गया। मंगलवार को मंडी में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा, भाजयुमो, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक मोर्चा सहित कई अन्य मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ दिनभर बैठक कर उपचुनाव की तैयारियों का श्रीगणेश कर दिया।

जयराम सरकार की साढ़े तीन साल की उपलब्धियों के सहारे उपचुनाव में उतरने का एलान कर जेपी नड्डा उन लोगों के अरमानों पर पानी फेर गए जो कुछ समय से प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की बातों को हवा देने का प्रयास कर रहे थे। सप्ताहभर पहले पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की शाबाशी के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पीठ थपथपाने से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी जोश से लबरेज नजर आ रहे हैं। तीनों उपचुनाव को 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व 2022 के विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लडऩे का पहले ही एलान कर चुका है। ऐसे में जयराम ठाकुर ने उपचुनाव के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया है। उल्लेखनीय है कि मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के कारण संसदीय उपचुनाव प्रस्तावित है। इसके लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है।

chat bot
आपका साथी