Independence Day 2022 : मूसलधार वर्षा के बीच डलहौजी में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस समारोह, वन मंत्री ने याद किए बलिदानी

Independence Day 2022 स्वतंत्रता दिवस पर चंबा के बनीखेत में जिलास्तरीय समारोह मूसलधार वर्षा के बावजूद पूरे जोश व उल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेश के वन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने जिलास्तरीय 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता की।

By Virender KumarEdited By: Publish:Mon, 15 Aug 2022 05:51 PM (IST) Updated:Mon, 15 Aug 2022 05:51 PM (IST)
Independence Day 2022 : मूसलधार वर्षा के बीच डलहौजी में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस समारोह, वन मंत्री ने याद किए बलिदानी
Independence Day 2022 : डलहौजी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सलामी लेते वन मंत्री राकेश पठानिया। जागरण

डलहौजी, विशाल सेखड़ी।

Independence Day 2022, स्वतंत्रता दिवस पर चंबा के बनीखेत में जिलास्तरीय समारोह मूसलधार वर्षा के बावजूद पूरे जोश व उल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेश के वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने जिलास्तरीय 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता की।

मंत्री ने ध्वजारोहण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर आयोजित मार्चपास्ट में परेड कमांडर उपनिरीक्षक सौरभ ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल पुलिस की महिला व पुरुष, होमगार्ड के महिला व पुरुष दल ने भाग लिया।

वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अवसर पर हम उन सभी देशभक्तों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए कड़ा संघर्ष किया और कुर्बानियां दीं। हिमाचल के लोग स्वाधीनता आंदोलन तथा उसके उपरांत देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में हमेशा आगे रहे हैं। भारत की पहचान अलग ताकतवर राष्ट्र के रूप में बनी है और प्रदेश अभूतपूर्व विकास का साक्षी बना है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 40 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का विस्तृत नेटवर्क मौजूद है।

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा देश-प्रदेश

देश के साथ प्रदेश भी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना के तहत चार लाख 50 हजार से ज्यादा निश्शुल्क रसोई गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं। हिम केयर योजना के तहत तीन लाख से ज्यादा पात्र लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 285 करोड़ रुपयों की राशि व्यय की गई।

प्रदेश सरकार ने बनाई नई खेल नीति

वन मंत्री ने खेलो इंडिया खेलों और हिमाचल प्रदेश की नई खेल नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चलो चंबा अभियान आकांक्षी जिला चंबा के अनछुए पर्यटन स्थलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिला चंबा की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति को बेहतर तरीके से संजोया गया है, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से जिला के प्रसिद्ध मिंजर मेले को अंतरराष्ट्रीय मेले का दर्जा दिए जाने की घोषणा जिला की ख्याति और बढ़ाई है।

इसके उपरांत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी के विद्यार्थोयों की देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य प्रस्तुति को खूब सराहा गया। मंत्री राकेश पठानिया ने विभिन्न विभागीय उत्कृष्ट कार्यों के लिए कर्मचारियों को, प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर ये रहे मौजूद

भरमौर के विधायक जियालाल कपूर, अध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति डीएस ठाकुर, उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम जय सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष जसवीर नागपाल, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी जेसी शर्मा, उपायुक्त डीसी राणा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, सहायक आयुक्त मनीष चौधरी, एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

वर्षा में भी नहीं थमे बच्चों के कदम

स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को बनीखेत में मूसलधार वर्षा जारी रही, मगर समारोह के लिए पुलिस जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों के हौसले बुलंद दिखे। बारिश के बीच पुलिस जवानों ने बनीखेत के पद्दर चौगान में राष्ट्रीय ध्वज को मार्चपास्ट सलामी दी। वहीं वर्षा में भीग जाने के बावजूद स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सुंदर प्रस्तुति दी।

chat bot
आपका साथी