Himachal Election: पूर्व मंत्री का आडियो आया सामने, बोले- मेरा टिकट काटकर करोड़पति को दिया, बदला लो

Himachal BJP Leader Audio Viral हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद भितरघात की खबरें आने लगी हैं। जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी के एक पूर्व मंत्री का आडियो प्रसारित हो रहा है इसमें वह खुद के साथ अन्‍याय की बात कर रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Wed, 16 Nov 2022 08:42 AM (IST) Updated:Wed, 16 Nov 2022 08:42 AM (IST)
Himachal Election: पूर्व मंत्री का आडियो आया सामने, बोले- मेरा टिकट काटकर करोड़पति को दिया, बदला लो
मंडी जिले के एक पूर्व मंत्री का आडियो प्रसारित हो रहा है।

मंडी, जागरण संवाददाता। Himachal BJP Leader Audio Viral, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा पर मंडरा रही भितरघात की आशंका अब सच साबित होने लगी है। मंडी जिले के एक पूर्व मंत्री का आडियो प्रसारित हो रहा है। इसमें वह एक भाजपा कार्यकर्ता को चुनाव में पार्टी से बदला लेने के लिए उकसा रहे हैं। कार्यकर्ता ने निर्देश मानने के बजाय उलटा खरी खरी सुना दी। कार्यकर्ता ने दोटूक जवाब देते हुए कहा कि पार्टी ने आपको (पूर्व मंत्री) ऊंचाई तक पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी थी। कार्यकर्ता का यह जवाब सुनकर पूर्व मंत्री से कोई जवाब देते नहीं बना।

अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध काम करने पर पूर्व मंत्री पर निलंबन की गाज गिर सकती है। मंडल भाजपा ने अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंप दी है। बीमारी का बहाना कर पूर्व मंत्री व उनके परिवार के सदस्यों ने चुनाव प्रचार से पूरी तरह किनारा कर लिया था। आडियो प्रसारित होने से अब वह सवालों के घेरे में आ गए हैं।

क्या है आडियो में

पूर्व मंत्री के परिचित ने क्षेत्र के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता के मोबाइल फोन पर काल की। काल मिलने पर वह कार्यकर्ता को कहता है कि साहब आपसे बात करना चाहते हैं। पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ता का नाम लेते हुए पूछा कि कैसे हैं? चुनाव में क्या चल रहा है? कार्यकर्ता कहता है कि सब ठीक चल रहा है। पूर्व मंत्री कहते हैं, हमारे साथ पार्टी ने गलत किया। मेरा टिकट काट पैसे वाले को दे दिया, जबकि टिकट पर मेरा हक था। मेरे साथ अन्याय हुआ है। आपको (कार्यकर्ता) पार्टी से बदला लेना चाहिए। पूर्व मंत्री के यह शब्द सुन कार्यकर्ता भड़क गया। कार्यकर्ता का कहना था वह पार्टी का सच्चा सिपाही है। पार्टी के लिए काम करेगा। आपको (पूर्व मंत्री) पार्टी ने ऊंचाई पर पहुंचाया। कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रहे। पूर्व मंत्री को कार्यकर्ता से ऐसे जवाब की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने भी जवाब देते हुए कहा कि वह जिन पदों पर रहे वहां अपनी मेहनत के दम पर पहुंचे थे। उसके बाद वह काल काट देते हैं। आडियो अब लोगों में चर्चा का विषय बना है। पूर्व मंत्री के भितरघात से कांग्रेस उस विधानसभा क्षेत्र में अब अपनी जीत देख रही है।

यह भी पढ़ें:

Himachal Election Results: आठ से 10 राउंड में होगी मतगणना, पोस्‍टल बैलेट की पहले होगी गिनती, 14 टेबल लगेंगे

Himachal Election: चुनाव में उतरे असंतुष्टों पर भाजपा-कांग्रेस की नजर, इन 12 सीटों पर सीधी टक्कर में दिख रहे

chat bot
आपका साथी