Himachal Election 2022: भाजपा ने बदली चंबा की प्रत्याशी, इंदिरा के स्थान पर नीलम नैयर लड़ेंगी चुनाव

Himachal Election 2022 वीरवार देर शाम भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने यह अधिसूचना जारी की है कि अब पहले से घोषित प्रत्याशी इंदिरा कपूर के स्थान पर चंबा नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 20 Oct 2022 09:04 PM (IST) Updated:Thu, 20 Oct 2022 09:27 PM (IST)
Himachal Election 2022: भाजपा ने बदली चंबा की प्रत्याशी, इंदिरा के स्थान पर नीलम नैयर लड़ेंगी चुनाव
Himachal Election 2022: भाजपा ने बदली चंबा की प्रत्याशी, इंदिरा के स्थान पर नीलम नैयर लड़ेंगी चुनाव।

चंबा, जेएनएन। Himachal Election 2022, 24 घंटे में भाजपा हाईकमान ने चंबा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को बदल दिया है। अब इंदिरा कपूर की जगह विधायक पवन नैयर की पत्नी नीलम नैयर को अपना प्रत्याशी बनाया गया है। नीलम नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष हैं। इस सीट से पवन नैयर ने टिकट के लिए दावेदारी जताई थी, लेकिन भाजपा हाईकमान ने इंदिरा कपूर को टिकट दे दिया। इसके बाद पवन नैयर के समर्थकों ने असंतोष जताया और फिर से टिकट पवन नैयर को देने की मांग की।

इससे पहले भाजपा की ओर से प्रत्याशी बनाई गईं इंदिरा कपूर को प्रदेश उच्च न्यायालय से नामांकन पत्र के लिए राहत मिली थी फिर हाईकमान ने उनका टिकट रद कर दिया। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने वीरवार देर शाम सूची जारी की है। इससे पूर्व चंबा सदर से विधायक पवन नैयर की टिकट काटकर इंदिरा कपूर को दी गई थी।

दिनभर रहा असमंजस

वीरवार को भाजपा के टिकट को लेकर जनता पूरी तरह से असमंजस में थी। एक तरफ जहां प्रदेश उच्च न्यायालय ने इंदिरा कपूर को नामांकन भरने के लिए रास्ता साफ कर दिया था। वहीं चंबा सदर विधायक पवन नैयर की पत्नी नीलम नैयर ने भी चंबा सदर से भाजपा से टिकट मिलने का दावा कर 21 अक्टूबर को नामांकन भरने के लिए समर्थकों को बाकायदा न्योता दे दिया था। इस कारण चंबा के लोग पूरी तरह से असमंजस में थे कि भाजपा ने आखिरकार किसको टिकट दिया है। चंबा जिला में दिनभर इंटरनेट मीडिया व वाट्सएप पर चंबा सदर से कभी नीलम नैयर तो कभी इंदिरा कपूर को टिकट मिलने की चर्चा चलती रही। हाईकोर्ट ने एक मामले में उनकी तीन साल की सजा स्थगित की थी।

विधायक का कटा था टिकट

चंबा सदर से विधायक पवन नैयर का टिकट काटकर पहली बार भाजपा ने महिला प्रत्याशी के रूप में इंदिरा कपूर को चुनावी मैदान में उतारा था। बुधवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष चंबा विनोद कुमार व नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर ने सभी पदाधिकारियों के साथ मिलकर अपने-अपने पदों से इस्तीफा भी दे दिया था। नगर परिषद चंबा के भाजपा समर्थित अध्यक्ष सहित कुल नौ पार्षदों, 25 प्रधान, 28 उपप्रधान, बीडीसी चेयरमैन चंबा गुरदेव व उपाध्यक्ष तिलक सहित कुल आठ बीडीसी सदस्य तथा एक जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार ने इस्तीफा दिया था। इसके साथ ही टिकट न दिए जाने को लेकर इन पदाधाकिरियों की ओर से चंबा मुख्य बाजार में रोष रैली भी निकाली गई थी। भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार का आरोप था कि भाजपा की ओर से जिन्हें वर्तमान चुनाव के दौरान अपना प्रत्याशी बनाया गया है उन्होंने कभी भी संगठन के कार्य में अपना सहयोग नहीं दिया। ऐसे प्रत्याशी का पदाधिकारी विरोध करते हैं तथा दोबारा से पवन नैयर को टिकट देने की मांग की गई थी। इस बीच वीरवार को दोपहर बाद पवन नैयर की पत्नी नीलम नैयर ने भी भाजपा से टिकट मिलने का दावा करते हुए इंटरनेट मीडिया पर पोस्टर डालकर चंबा की जनता से वोट की अपील कर दी। दूसरी ओर इंदिरा कपूर ने भी पोस्टर के माध्यम से 21 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए जनसहयोग ही अपील की थी।

टिकट मिलने पर मैं पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त करती हूं। मेरा चंबा की जनता से आह्वान है कि शुक्रवार को मेरे नामांकन के दिन सभी मेरे साथ आएं। हाईकमान ने चंबा की जनता का मान रखा है।

नीलम नैयर, भाजपा प्रत्याशी सदर चंबा।

पार्टी ने हमें टिकट दिया था। हम पार्टी का सम्मान करते हैं। हम चुनाव लड़ेंगे, बेशक हमें आजाद प्रत्याशी के रूप में ही चुनाव क्यों न लड़ना पड़े। शुक्रवार को मैं अपना नामांकन पत्र भरूंगी।

-इंदिरा कपूर, पूर्व भाजपा प्रत्याशी।

यह भी पढ़ें : HP High Court: हाईकोर्ट ने स्थगित की इस भाजपा प्रत्याशी की तीन साल की सजा, अब भर सकेंगी नामांकन

chat bot
आपका साथी