उथड़ाग्रां. खोली व नंदरूल में जली पशुशालाएं

दीपावली की रात उपमंडल धर्मशाला के तहत चार व शुक्रवार सुबह एक स्थान में अग्निकांड हुआ है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Nov 2021 10:20 PM (IST) Updated:Fri, 05 Nov 2021 10:20 PM (IST)
उथड़ाग्रां. खोली व नंदरूल में जली पशुशालाएं
उथड़ाग्रां. खोली व नंदरूल में जली पशुशालाएं

जागरण टीम, धर्मशाला/योल : दीपावली की रात उपमंडल धर्मशाला के तहत चार व शुक्रवार सुबह एक स्थान में अग्निकांड हुआ है। शाहपुर उपमंडल के तहत बंडी व लोअर बड़ोल में पराली आग की भेंट चढ़ गई, जबकि मैक्लोडगंज में जमीन में आग लगने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। रसेहड़ पंचायत के उथड़ाग्रां में दो पशुशालाएं जलकर राख हो गईं।

अग्निशमन विभाग के अनुसार उथड़ाग्रां में वीरवार रात करीब साढ़े आठ बजे संसार चंद, किशन चंद व ललित की संयुक्त पशुशाला जल गई। टंग-नरवाणा पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रभावितों का हजारों रुपये का चारा जल गया है। साथ ही सरवन कुमार की पशुशाला में रखी करीब 15 क्विंटल गेहूं, 10 क्विंटल धान, तूड़ी व सूखा घास जलकर राख हो गया। दोनों पशुशालाओं में करीब 20 भेड़ें बंधी थीं। इन्हें गांववासियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। रसेहड़ पंचायत प्रधान आशीष कुमार ने बताया कि अग्निशमन विभाग धर्मशाला को भी सूचित किया गया था, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। योल पुलिस चौकी को भी सूचना दे दी है। लोअर बड़ोल में रात 11 बजे पराली को आग लगने से जैसी राम को 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मैक्लोडगंज में वीरवार रात 11 बजे के करीब जमीन में आग लग गई। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया। अग्निकांड से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है और 50 लाख रुपये की संपत्ति जलने से बचाई है। टंग में सरकारी स्कूल के पिछली तरफ रखी पराली को शुक्रवार को आग लग गई। इससे करीब पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ है। बंडी गांव में वीरवार रात पौने 12 बजे के करीब पराली को आग लग गई। इससे वीर सिंह को चार हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मुख्य अग्निशमन केंद्र धर्मशाला के अधिकारी स्वरूप कुमार चौधरी ने बताया कि सूचना मिलने पर तुरंत कर्मचारियों को मौके पर भेजकर आग पर काबू पाया गया।

पटाखों से खोली व नंदरूल में पशुशाला में लगी आग

संवाद सहयोगी, कांगड़ा : उपमंडल कांगड़ा के तहत पंचायत खोली के वार्ड एक निवासी प्रीतम चंद पुत्र खोजो राम व विमला देवी पत्नी किशोरी लाल की पशुशाला में पटाखों से आग लग गई। ग्रामीणों ने पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घास, तूडी व ईमारती लकड़ी जलने से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। स्थानीय लोगों व अग्निशमन विभाग की मदद से इस पर काबू पा लिया।

उधर, नंदरूल पंचायत में भी पटाखों से पशुशाला जल गई। पंचायत प्रधान राज अंगारिया ने बताया कि वार्ड चार निवासी राकेश कुमार पुत्र बिशन दास की पशुशाला दीपावली की रात जलकर राख हो गई। राकेश कुमार बीपीएल परिवार से संबंधित है। पशुशाला जलने से उसे करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

chat bot
आपका साथी