भारी बर्फबारी से जनजीवन ठप, सड़कें बंद व बिजली भी गुल; अभी और सताएगा मौसम

Himachal Weather Update हिमाचल में दो दिन से बर्फबारी व भारी बारिश के कारण जनजीवन ठप हो गया है। प्रदेश की 298 सड़कों पर यातायात थम गया है।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Sat, 14 Dec 2019 08:12 AM (IST) Updated:Sat, 14 Dec 2019 01:13 PM (IST)
भारी बर्फबारी से जनजीवन ठप, सड़कें बंद व बिजली भी गुल; अभी और सताएगा मौसम
भारी बर्फबारी से जनजीवन ठप, सड़कें बंद व बिजली भी गुल; अभी और सताएगा मौसम

शिमला, जेएनएन। हिमाचल में दो दिन से बर्फबारी व भारी बारिश के कारण जनजीवन ठप हो गया है। प्रदेश की 298 सड़कों पर यातायात थम गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों की मानें तो अभी मौसम और सताएगा। दो दिन और बारिश व बर्फबारी की आशंका जताई गई है। शनिवार सुबह निचले क्षेत्रों में हलकी धूप खिली है। लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी है। डोडरा क्वार सहित ऊपरी शिमला का संपर्क कट गया है। भारी बर्फबारी के कारण 1049 ट्रांसफार्मर बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। मंडी जिले में पराशर व कमरूनाग झीलें भारी बर्फबारी के बाद जम गई हैैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पांच जिलों शिमला, सिरमौर, कूल्लू, कांगड़ा और लाहुल-स्पीति में भारी बर्फबारी व वर्षा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।

शिमला जोन में 129 सड़कें, कांगड़ा जोन में 121 सड़कें और मंडी जोन में 42 सड़कें बंद हैं। वीरवार व शुक्रवार को हुई बर्फबारी के कारण 150 के करीब बस रूट बाधित हुए हैं। आठ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। इससे एक ही दिन में करीब 32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। चंबा जिले में ठंड बढऩे से चंबा में सुबह साढ़े दस बजे प्रशासन ने प्री-बोर्ड परीक्षा रद कर दी। जिले में आठवीं और नौंवी के लिए प्री-बोर्ड की परीक्षाएं ली जा रही हैं। विद्यार्थियों के स्कूल पहुंचने के बाद परीक्षा रद करने से अभिभावकों में रोष है। चंबा की कूंर पंचायत में दो पशुपालकों को ग्र्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। एक दिन पहले धार में पशुओं के साथ गए ये लोग वहां फंस गए थे।

धर्मशाला शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों मैक्लोडगंज, भागसूनाग व नड्डी में शुक्रवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ। नड्डी के साथ लगते बल गांव का संपर्क शेष विश्व से कट गया है। मैक्लोडगंज में तीन इंच और नड्डी में छह इंच तक बर्फबारी हो चुकी है। छोटा भंगाल तथा चौहार घाटी में भी दिनभर बर्फबारी का क्रम जारी रहा। इससे मुल्थान-बड़ा ग्रां अवरुद्ध हो गया है। बड़ा भंगाल भी शेष विश्व से कट गया है।

कुल्लू जिले के मनाली और ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। रोहतांग दर्रे में चार फीट, राहनीनाला में साढ़े तीन, मढ़ी तीन, राहलफाल में पौने तीन, गुलाबा, अंजनी महादेव व फातरु में ढाई फुट, कोठी व सोलंग में दो फीट, पलचान, कुलंग व मझाच सवा फीट, बाहंग, शनाग, वशिष्ट पौना फीट व मनाली में आधा फीट बर्फबारी हुई है। लाहुल घाटी के कोकसर, दारचा में ढाई से तीन फीट बर्फबारी हुई है। लाहुल स्पीति के कोकसर और सिस्सु क्षेत्र बर्फीले तूफान की चपेट में आ गया। प्रशासन ने लोगों को घरों से बाहर न निकले की अपील की है।

मंडी जिले में 14 संपर्क मांग अवरुद्ध हो गए हैैं। सराज में 15 ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहे हैैं, जिससे लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैैं। शिकारी देवी में भारी बर्फबारी हुई।  उपायुक्त लाहुल केके सरोच में बताया कि प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।

तापमान सात डिग्री तक लुढ़का

वीरवार रात और शुक्रवार को रुक-रुककर बर्फबारी व वर्षा से ठंड अधिक बढ़ गई है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री तक की गिरावट आई है। प्रदेश में पांच स्थानों पर न्यूनतम जमाव ङ्क्षबदु से नीचे चल रहा है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 17.5 डिग्री जबकि ऊना में 13.4 और नाहन में 13.2 डिग्री दर्ज किया गया है।

अभी दो दिन राहत नहीं

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह के अनुसार अगले दो दिन के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है और उसके बाद 19 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। शिमला में शुक्रवार सायं बर्फबारी का क्रम तेजी से बढऩे लगा है।

कहां, कितने ट्रांसफार्मर प्रभावित

स्थान,संख्या

चंबा,450

शिमला,331

मंडी,44

किन्नौर,224

कुल,1049

कहां, कितनी बारिश

जवाली,37

धर्मशाला,35.8

ऊना,23.6

चंबा,25

ऊना, 46.6

(बारिश मिलीमीटर में)

स्थान,न्यूनतम,अधिकतम

शिमला,1.9,9.8

सुंदरनगर,7.3,15.0

भुंतर,3.4,14.5

कल्पा,-1.2,1.3

केलांग,-3.3,0.0

मनाली,-1.6,4.2

ऊना,10.5,13.4

नाहन,10.3,13.2

बिलासपुर,10.0,17.5

डलहौजी,-1.5,0.1

कहां, कितनी बर्फबारी

स्थान,बर्फबारी

रोहतांग,पांच फीट

भरमौर,दो फीट

पांगी, चार इंच

डल्हौजी, पांच इंच

कुफरी, छह इंच

मशोबरा, पांच इंच

chat bot
आपका साथी