दुलैहड़ गोलीकांड : एसपी बोले- रंजिश के कारण की थी कांग्रेस नेता की हत्या

Dulaihad Firing Case ऊना के हरोली थाना क्षेत्र के तहत हुए दुलैहड़ गांव में हुए गोलीकांड मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पंजाब के युवकों ने रंजिश के कारण कांग्रेस नेता रविंद्र सिंह सेठी की हत्या की थी। इसके लिए 7.65 बोर के देसी कट्टे का प्रयोग किया था।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Fri, 30 Sep 2022 10:21 PM (IST) Updated:Fri, 30 Sep 2022 10:21 PM (IST)
दुलैहड़ गोलीकांड : एसपी बोले- रंजिश के कारण की थी कांग्रेस नेता की हत्या
पुलिस लाइन झलेड़ा में पत्रकारवार्ता करते दायें से दूसरे एसपी अर्जित सेन ठाकुर। जागरण

ऊना, जागरण संवाददाता। Dulaihad Firing Case, ऊना जिले के हरोली थाना क्षेत्र के तहत हुए दुलैहड़ गांव में हुए गोलीकांड मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पंजाब के युवकों ने रंजिश के कारण कांग्रेस नेता रविंद्र सिंह सेठी की हत्या की थी। इसके लिए 7.65 बोर के देसी कट्टे का प्रयोग किया था। पुलिस ने इस गोलीकांड के मुख्य आरोपित जसवीर सिंह को पंजाब के होशियारपुर जिले के हरियाणा भूंगा से गिरफ्तार किया है। जसवीर सिंह की निशानदेही पर एसएचओ हरोली सन्नी गुलेरिया के नेतृत्व में टीम कट्टे को बरामद करने के लिए पंजाब गई है। पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी को सीसीटीवी फुटेज के सहारे ही सुलझाया।

शुक्रवार को पुलिस लाइन झलेड़ा में पत्रकारवार्ता करते हुए पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कुल 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसी वर्ष अप्रैल में रिशु पाल उर्फ मणि निवासी होशियारपुर का किसी बात को लेकर दुलैहड़ में झगड़ा हुआ था। उसी बात का मणि ने बदला लेने के लिए पहले भी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद मणि ने छह दोस्तों के साथ 11 सितंबर को टाहलीवाल कस्बे में रैकी की थी। उसके बाद 12 सितंबर को दो बाइक पर चार युवक आए और रविंद्र सेठी की हत्या कर फरार गए। चार किलोमीटर दूर पंजाब की सीमा का फायदा उठाते हुए पंजाब में प्रवेश करके अलग-अलग ठिकानों पर छिप गए। तीन आरोपितों जसवीर सिंह, परमजीत सिंह व गगनदीप सिंह को जालंधर, होशियारपुर व लुधियाना से गिरफ्तार किया जबकि अभिषेक उर्फ अभि लुधियाना से राजस्थान के बीकानेर की बस में जा रहा था, उसे पुलिस ने बीकानेर के वरिष्ठ अधिकारी के सहयोग से पकड़ा।

हत्याकांड को सुलझाने के लिए गठित की आठ टीमों के साथ ही पंजाब पुलिस के आला अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। इस हत्याकांड में स्थानीय व्यक्ति के संलिप्त होने की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए चार आरोपितों में से तीन पर पहले से ही पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी भी जांच की जा रही है। इस मौके पर डीएसपी ऊना अंकित शर्मा, डीएसपी हरोली अनिल पटियाल, ऊना सदर थाना के एसएचओ संजीव कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी