राफेल डील मामले पर बोले जय राम, कोर्ट के फैसले से बेनकाब हुई कांग्रेस

मुख्‍यमंत्री जय राम ठाकुर ने राफेल डील मामले पर कहा क‍ि झूठ का सहारा लेकर कांग्रेस ने न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिश की बल्कि देश की जनता को भी भ्रमित क‍िया।

By Munish DixitEdited By: Publish:Sat, 15 Dec 2018 05:12 PM (IST) Updated:Sat, 15 Dec 2018 05:12 PM (IST)
राफेल डील मामले पर बोले जय राम, कोर्ट के फैसले से बेनकाब हुई कांग्रेस
राफेल डील मामले पर बोले जय राम, कोर्ट के फैसले से बेनकाब हुई कांग्रेस

जेएनएन, धर्मशाला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राफेल जैट फाईटर डील पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा क्लीन चिट दिए जाने पर इसे सच्चाई की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला कुछ राजनीतिक दलों विशेषकर कांग्रेस द्वारा पिछले कुछ अर्से से किए जा रहे दुष्प्रचार तथा झूठ की राजनीति पर करारा तमाचा है। कोर्ट के फैसले से कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।

धर्मशाला में जारी बयान में उन्होंने कहा कि इतने बड़े झूठ का सहारा लेकर कांग्रेस ने न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिश की बल्कि देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। जय राम ठाकुर ने कहा कि जब केंद्र में वर्तमान एनडीए की सरकार ने देश के हित में राफेल सौदे जैसा बड़ा फैसला लिया, तो देशहित का यह फैसला कांग्रेस अन्य पार्टियों के कुछ नेताओं को रास नहीं आया और इस पर खामियां ढूंढने के दांव-पेच का खेल शुरू कर दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महज राजनीतिक उद्देश्य से राफेल डील में इतने बड़े झूठ का सहारा लेकर देश की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुखिया द्वारा राफेल डील के बारे जो दुष्प्रचार किया जा रहा था, सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय ने कांग्रेस के बेबुनियाद तथा निराधार आरोपों को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विशेषकर राहुल गांधी के लिए यह एक बड़ा झटका है और उन्हें इससे सबक लेना चाहिए।

जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने राफेल सौदे पर दुष्प्रचार कर देश की साख को गिराने का प्रयास किया है, जिसे देश की जनता सदैव याद रखेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना सोचे समझे कुछ भी अनैतिक कहने से गुरेज नहीं करते हैं। वह राफेल सौदे को बोफोर्स सौदे जैसा प्रकरण का रूप देने की कोशिश में थे। कांग्रेस ने देश में लाखों-करोड़ों के घोटाले किए हैं, जिनसे आज तक न देश उभर पाया है और न ही देश के लोग।

chat bot
आपका साथी