अमेरिका में सराहे दिवंगत प्रोफेसर के शोध कार्य

दुनिया के शीर्ष विज्ञानियों में शामिल डा. जे एन शर्मा के शोध कार्यो को अमेरिका में सराहा गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 09:56 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 09:56 PM (IST)
अमेरिका में सराहे दिवंगत प्रोफेसर के शोध कार्य
अमेरिका में सराहे दिवंगत प्रोफेसर के शोध कार्य

अशोक शर्मा, गलोड़

दुनिया के शीर्ष विज्ञानियों में शामिल राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी) हमीरपुर के दिवंगत प्रोफेसर डा. जे एन शर्मा के शोध कार्यो को अमेरिका में सराहा गया है। अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञानियों की सूची में डा. जे एन शर्मा का नाम देशभर में 19वें स्थान पर है। भारत से 1490 विज्ञानियों को चुना गया है जबकि दुनियाभर में यह आंकड़ा 92647 है।

एनआइटी हमीरपुर में गणित के प्रोफेसर रहे डा. जे एन शर्मा ने वर्ष 1986 से 2015 तक सेवाएं दीं। संस्थान के संस्थापक सदस्यों में शुमार रहे डा. जे एन शर्मा के शोध पत्र कई विज्ञानियों के काम आए हैं। यही वजह है कि स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय ने उनके कार्य को सराहा है। डा. जे एन शर्मा ने अध्यापन कार्य के दौरान 30 से अधिक विद्यार्थियों को पीएचडी भी करवाई है। वह देश विदेश के कई विश्वविद्यालयों में हुई कांफ्रेंस में मुख्य अतिथि और वक्ता भी रहे। हमीरपुर जिले के गलोड़ कस्बे के साथ छोटे से गांव सुकराला के रहने वाले डा. जे एन शर्मा किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनका बचपन गरीबी में बीता था। जन्म देने के तीन दिन बाद ही उनकी मां का देहांत हो गया था। इसलिए रिश्तेदारों ने उनका पालन पोषण किया। डा. शर्मा ने बचपन से ही पढ़ाई के साथ काम में पिता का हाथ बंटाना शुरू कर दिया था। अपनी फीस का वहन करने के लिए उन्होंने मजदूरी करने के साथ ही पढ़ाई का क्रम जारी रखा। मेहनत के बल पर उन्होंने अहम मुकाम हासिल किया था। गांव के उनके सहपाठी बताते हैं कि वह हंसमुख छवि वाले और मददगार इंसान थे। कुछ साल पहले एक गंभीर बीमारी के कारण उनका निधन हो गया था। स्वजनों ने डा. शर्मा की इस उपलब्धि पर एनआइटी हमीरपुर, सभी पूर्व सहकर्मियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया है। हड़ेटा पंचायत के प्रधान संजय शर्मा ने डा. जे एन शर्मा के शोध कार्यो की सराहना की है। वहीं, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलोड़ के प्रधानाचार्य मदन बन्याल ने कहा कि डा. शर्मा के शोध कार्य अमेरिका में सराहे जाना देश के लिए गर्व की बात है।

chat bot
आपका साथी