अपने ही बना रहे युवाओं को नशे का आदी

प्रदेश के युवाओं को नशों के आदी बनाने में गैर हिमाचलियों से ज्यादा हिमाचली लोगों का हाथ है। हिमाचल के लोग ही पैसा कमाने के चक्कर में हिमाचल के युवाओं को नशा सप्लाई कर रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 11 Jan 2019 11:49 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jan 2019 11:49 PM (IST)
अपने ही बना रहे युवाओं को नशे का आदी
अपने ही बना रहे युवाओं को नशे का आदी

जागरण संवाददाता, धर्मशाला : हिमाचल के युवाओं को नशे का आदी बनाने में अपनों का ही हाथ है। हिमाचल के लोग ही पैसा कमाने के चक्कर में प्रदेश के युवाओं को नशा सप्लाई कर रहे हैं। हालांकि प्रदेश के युवाओं को नशा उपलब्ध करवाने वाले गैर हिमाचली भी हैं, लेकिन इनकी संख्या कम है। इसका खुलासा शुक्रवार को धर्मशाला में हुई पुलिस की समीक्षा बैठक में हुआ।

जनवरी से दिसंबर 2018 के दौरान जिला कांगड़ा के दर्ज किए गए नशा तस्करी के केसों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को धर्मशाला में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संतोष पटियाल की अध्यक्षता में हुई। कांगड़ा पुलिस ने 2018 में नशा तस्करी के 270 मामले दर्ज किए और 311 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए 311 नशा तस्करों में 285 हिमाचली हैं, जबकि 26 गैर हिमाचली। 2018 में कांगड़ा पुलिस ने 20 किलो 267 ग्राम चरस बरामद की। इसके अलावा अफीम 251 ग्राम, हेरोइन 646 ग्राम, नशीले कैप्शूल 28,783, दवाएं 8818 और 474830 रुपये नकद कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों से कब्जे में लिए हैं। वहीं ड्रग्स एंड कास्मेटिक एक्ट के तहत कांगड़ा पुलिस ने 23 मामले दर्ज किए। अवैध खनन पर लगाम लगाते हुए 1569 चालान कर 8342680 रुपये जुर्माना वसूला। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कांगड़ा पुलिस ने इस 130023 चालान कर 33254700 रुपये का जुर्माना सरकारी कोष में जमा करवाया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसते हुए 2810 चालान किए, जबकि चार लोगों को न्यायालय ने भी सजा दी। आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत 669 मामले पुलिस ने पंजीकृत किए। कांगड़ा पुलिस ने इस वर्ष नशे के संपूर्ण नाश के लिए जिला में नशा निवारण कमेटियों का भी गठन किया। इस दौरान पुलिस ने 215 नशा निवारण समितियों के साथ वार्ता कर नशे पर अंकुश लगाने को योजना तैयार की। पुलिस की गठित नशा निवारण समितियों की बदौलत एनडीपीएस एक्ट के तहत 19 केस दर्ज हुए, जबकि आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत 93 और अन्य मामलों में 9 केस कांगड़ा पुलिस ने दर्ज किए।

------------

2018 में कांगड़ा पुलिस ने नशे के विरुद्ध छेड़े गए अभियान में सफलता हासिल की है। पुलिस की ओर से बनाई गई नशा निवारण समितियों की बदौलत नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया है जो काफी हद तक सराहनीय रहा है।

-संतोष पटियाल, पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा।

chat bot
आपका साथी