नेताओं की लड़ाई पर विराम, मंडल में घमासान

संवाद सहयोगी ज्वालामुखी धार्मिक नगरी ज्वालामुखी में भाजपा के बीच मचा बवाल अब भी थमने का नाम

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 07:57 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 07:57 PM (IST)
नेताओं की लड़ाई पर विराम, मंडल में घमासान
नेताओं की लड़ाई पर विराम, मंडल में घमासान

संवाद सहयोगी, ज्वालामुखी : धार्मिक नगरी ज्वालामुखी में भाजपा के बीच मचा बवाल अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। भले ही बड़े स्तर पर यहां दो नेताओं के बीच छिड़ी जंग पर पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के हस्तक्षेप से कुछ विराम लगा हो पर मंडल स्तर पर कहीं न कहीं दूरियां बरकरार हैं। इसका उदाहरण अन्य पिछड़ा वर्ग की मंडल स्तर पर दो-दो इकाइयों के गठन के रूप में सामने आया है।

ज्वालामुखी में रमेश धवाला व पवन राणा के बीच हुई तकरार किसी से छिपी नहीं है। अब मंडल भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की समानांतर कार्यकारिणी गठित करने पर बवाल मच गया है। राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला के निर्देश पर मंडल भाजपा अध्यक्ष मान चंद राणा ने दो दिन पहले मोर्चा की मंडल कार्यकारिणी का गठन किया था और इसमें विजय कुमार को अध्यक्ष नियुक्त किया है। अब ओबीसी मोर्चा की एक और समानांतर कार्यकारिणी गठित कर दी गई है। ज्वालामुखी मंडल अध्यक्ष इसे अनुशासनहीनता करार दे रहे हैं लेकिन अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष नियुक्तियों को सही बता रहे हैं। अब दोनों ही ओर से इन नियुक्तियों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। मंडल अध्यक्ष अध्यक्ष मान चंद राणा ने कहा कि मामले को अनुशासनहीनता के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने भाजपा नेताओं किशोरी लाल परदेशी, अतुल कौशल और पृथ्वी सिंह चौधरी से पूछा है कि वे बताएं कि उन्होंने ओबीसी मोर्चा कार्यकारिणी का गठन मंडल को विश्वास में लिए बिना कैसे कर दिया, जबकि दो दिन पहले मंडल भाजपा ने मोर्चे की कार्यकारिणी का गठन किया था।

..........................

इस प्रकार के कार्यो से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है और लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा होती है। समानांतर कार्यकारिणी गठित करने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है कि कौन सी कार्यकारिणी सही है और कौन सी गलत है। इसकी जानकारी राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला को भी दे गई है। साथ ही जिला व प्रदेश भाजपा को भी सूचित कर दिया है। इस मामले में कड़ा संज्ञान लेने के लिए आग्रह किया है। मंडल भाजपा की ओर से घोषित कार्यकारिणी ही मान्य होगी।

-मान चंद राणा, मंडल अध्यक्ष ज्वालामुखी

.................

मंडल को भी सूची भेजी थी। हमने जिस कार्यकारिणी का गठन किया है, उसकी स्वीकृति संगठन हाईकमान से मिली है। जो नाम मंडल मोर्चा के गठन के लिए दिए गए थे, उन्हें कहीं भी शामिल नहीं किया गया है। नई कार्यकारिणी ही सही है। कहीं भी अनुशासनहीनता नहीं बरती गई है।

-अतुल कौशल, जिला अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा संगठन जिला देहरा

chat bot
आपका साथी