मनरेगा कार्यो में तोड़े नियम : सुरेंद्र

जागरण संवाददाता चंबा भाजपा राज में भ्रष्टाचार चरम पर है और नियमों की सरेआम धज्जियां उ

By JagranEdited By: Publish:Mon, 07 Sep 2020 09:18 PM (IST) Updated:Tue, 08 Sep 2020 06:21 AM (IST)
मनरेगा कार्यो में तोड़े नियम : सुरेंद्र
मनरेगा कार्यो में तोड़े नियम : सुरेंद्र

जागरण संवाददाता, चंबा : 'भाजपा राज में भ्रष्टाचार चरम पर है और नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मनरेगा के तहत सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। गरीब मजदूरों का पेट काटकर जेसीबी मशीनें लगाकर कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार मनरेगा के कार्य में जेसीबी मशीन का प्रयोग करने की अनुमति नहीं है।'

यह बात चुराह विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज ने जिला मुख्यालय चंबा में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि विधायक के चहेते ठेकेदारों की जेसीबी मशीनें मनरेगा का कार्य कर रही हैं। फर्जी मस्टररोल भरकर भुगतान किया जा रहा है। पंचायतों द्वारा निर्मित सड़कों का विधायक उद्घाटन कर रहे हैं, जबकि यह नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों की जांच की जाए और भुगतान का तरीका सार्वजनिक किया जाए। कांग्रेस द्वारा गांव-गांव में स्कूल खोले गए हैं। जिला चंबा में विभिन्न जल विद्युत परियोजनाएं कांग्रेस की ही देन हैं।

पंचायतों का विभाजन राजनीतिक दबाव में हुआ है। इससे चुराह की जनता सहमत नहीं है। उन्होंने मांग की है कि लोगों की आपत्तियां स्वीकार की जाएं अन्यथा कांग्रेस पार्टी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। इस मौके पर महिद्र हांडा, अब्दुल गनी, विजय कुमार आदि भी मौजूद रहे।

--------------

विकास कार्यो में नहीं किया जा रहा भ्रष्टाचार : हंसराज

चुराह के विधायक हंसराज ने कहा कि भाजपा कार्यकाल में किए जा रहे विकास कार्यो को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। चुराह में किए जा रहे विकास कार्यो में कोई भी भ्रष्टाचार नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकाल में चुराह क्षेत्र को हमेशा पिछड़ा बनाया गया है, जबकि भाजपा कार्यकाल में हो रहे विकास कार्यो को कांग्रेस के नेता देखकर परेशान हो रहे हैं। कांग्रेस पूरी तरह से मुद्दा विहीन पार्टी हो चुकी है। उनके पास अब लोगों के बीच में जाने के लिए कोई भी मुद्दा नही बचा है जिस कारण इस तरह की अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी