पांगी घाटी में आज से चलेंगी एचआरटीसी की बसें

आखिरकार तीन माह के लंबे इंतजार के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम पांगी घाटी में बस सेवाएं शुरू करके लोगों को राहत प्रदान करने जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 06:32 AM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 06:32 AM (IST)
पांगी घाटी में आज से चलेंगी एचआरटीसी की बसें
पांगी घाटी में आज से चलेंगी एचआरटीसी की बसें

संवाद सहयोगी, पांगी : आखिरकार तीन माह के लंबे इंतजार के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम पांगी घाटी में बस सेवाएं शुरू करके लोगों को राहत प्रदान करने जा रहा है। बस सेवा सोमवार से शुरू होगी। निगम के चालक व परिचालक पांगी मुख्यालय किलाड़ में पहुंच गए हैं। दिसंबर में हिमपात के बाद से पांगी में बस सेवाएं बंद हो गई थीं। लोगों को निजी वाहनों में सफर करना पड़ रहा था। जिन रूटों पर बसों में करीब 70 से 80 रुपये किराया लगता है, वहां पर लोगों को टैक्सियों या निजी वाहनों में 200 से 300 रुपये खर्च करके घाटी में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों जगत राम, पवन कुमार, अरविद कुमार, लक्ष्मी चंद, देशराज, अशोक कुमार, संत राम, चेतराम, बृज लाल, चमन लाल ने कहा कि निगम ने बस सेवाएं शुरू करके लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है।

--------

इन रूटों पर मिलेगी सुविधा

किलाड़-शौर, किलाड़-सैचुनाला, किलाड़-सुराल समेत छह रूटों पर सोमवार से बसें चलाई जाएंगी। सैचुनाला नाला के लिए जाने वाली बस में साच, कुठल, फिदरू घिसल, हिलौर, साहली, शून, सेचु, चसक, भटोरी, मोझी, हिलुटवां लेउ के लोगों को, सुराल किलाड़ में लुज, धरवास और सुराल पंचायतों और किलाड़ शौर में मिधल, रेई, पुरथी और शौर पंचायतों के लोगों को सुविधा मिलेगी।

-----

पांगी घाटी में काफी लंबे समय के बाद एचआरटीसी की बस सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए लोगों की ओर से काफी समय से मांग की जा रही थी। निश्चित तौर पर इस सेवा का लोगों को लाभ मिलने वाला है।

-महेंद्र सिंह राणा, निवासी पांगी।

---------

बस सेवा का घाटी के लोगों को इंतजार था। क्योंकि बसें न चलने के कारण उन्हें टैक्सियों या निजी वाहनों के माध्यम से अधिक पैसा खर्चकर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। बस सेवा बहाल होने से राहत मिलेगी।

-अशोक कुमार कांटा, निवासी पांगी।

---------

पांगी घाटी में सर्दी के सीजन में कुछ खास बर्फबारी नहीं हुई है। ऐसे में बस सेवा को बहुत पहले शुरू कर दिया जाता तो लोगों को सफर करने के लिए दिक्कतों का सामना न करना पड़ता। बस सेवा शुरू होने से काफी राहत मिलेगी।

-कल्याण सिंह ठाकुर, सदस्य जनजातीय सलाहकार परिषद पांगी।

--------

परिवहन निगम व प्रशासन का पांगी घाटी में बसें चलाने का निर्णय सही है। घाटी में सड़कों पर बर्फ नहीं है। ऐसे में बसें चलाने के लिए किसी भी तरह की कोई भी दिक्कतें पेश नहीं आने वाली है।

-ओम नेगी, निवासी पांगी।

------

परिवहन निगम की बस सेवा कुछ रूटों पर बहाल की जा रही है। इसे जल्द से जल्द सभी रूटों पर बहाल करवाया जाए ताकि आने वाले समय में लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए दिक्कतें पेश न आएं।

-अरविद कुमार, निवासी पांगी।

-------

पांगी घाटी में अब सुचारू रूप से बस सेवा चलनी चाहिए। क्योंकि बस सेवा के लिए लोगों ने काफी लंबा इंतजार किया है। जब भी बस सेवा बंद की जाती है तो घाटी के लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं।

-अशोक कुमार, निवासी पांगी।

-------

मौसम ने साथ दिया तो सोमवार को पथ परिवहन निगम पांगी के किलाड़ से सैचुनाला, सुराल, शौर, हुंडान, किरयूनी, लुज धरवास समेत छह रूटों पर बस सेवाएं शुरू करेगा। दिन के समय नजदीकी रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी। अन्य स्टाफ भी दो दिन में आ जाएगा। स्टाफ के आते ही घाटी के सभी 24 रूटों पर बस सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

-संजय कुमार, अड्डा प्रभारी हिमाचल पथ परिवहन निगम।

chat bot
आपका साथी