अस्पताल में पिता को देख भाग गई घायल किशोरी
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गोल्डनपुरी कालोनी निवासी 12 साल की एक किशोरी को ट्रॉमा सेंटर
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गोल्डनपुरी कालोनी निवासी 12 साल की एक किशोरी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां पर किशोरी ने आरोप लगाया कि उसका पिता उसकी पिटाई करता है। इसलिए वह उसके पास नहीं जाएगी। किशोरी का पिता मंगलवार को जब अस्पताल में पहुंचा तो वह वहां से भाग गई। तलाश करने पर किशोरी अपने घर में मां के साथ मिली।
गोल्डनपुर कालोनी निवासी किशोरी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जब उसे भर्ती कराया गया तो उसकी बाजू पर चोट लगी हुई थी। वह काफी घबराई हुई थी और किसी से बातचीत भी नहीं कर रही थी। अस्पताल से चाइल्ड हेल्पलाइन को फोन किया गया। वहां से चाइल्ड हेल्पलाइन के डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर भानू प्रताप पहुंचे। उसने किशोरी से बातचीत की। उसने भानू प्रताप को बताया कि उसका पिता उसकी पिटाई करता है, इसलिए वह उसके पास नहीं बल्कि अपनी मां के पास रहेगी। उन्होंने किशोरी के पिता को फोन कर बुलाया। जांच में यह भी पता चला कि किशोरी के माता-पिता अलग-अलग रहते हैं। अपने पिता को देखकर किशोरी घबरा गई। भानू प्रताप ने किशोरी से कहा कि वह घबराए नहीं। वे इस बारे में डॉक्टर से बातचीत कर आते हैं। टीम अस्पताल के एमएस डॉ. विजय दहिया से बातचीत करने के लिए गई तो किशोरी वहां से भाग गई। परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह अपनी मां के पास मिली, लेकिन यहां पर किशोरी ने अपने बयान बदल दिए। यहां आकर वह कहने लगी कि उसके साथ मारपीट पिता नहीं बल्कि आजादनगर में रहने वाला एक युवक करता था।
किशोरी के पिता का कहना है कि उसकी बेटी पहले भी कई बार घर से जा चुकी है। वह मारपीट के आरोप क्यों लगा रही है, इसका उसे पता नहीं है।