आज रोडवेज का दो घंटे का चक्का जाम, बैंकों में भी कार्य होगा प्रभावित, गरजेंगे कर्मचारी

ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन ने वीरवार को देशभर में हड़ताल का अ

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 08:10 AM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 08:10 AM (IST)
आज रोडवेज का दो घंटे का चक्का जाम, बैंकों में भी कार्य होगा प्रभावित, गरजेंगे कर्मचारी
आज रोडवेज का दो घंटे का चक्का जाम, बैंकों में भी कार्य होगा प्रभावित, गरजेंगे कर्मचारी

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन ने वीरवार को देशभर में हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल में जिला से भी विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल होंगे। रोडवेज कर्मचारियों ने सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चक्का जाम करने की घोषणा की है। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि यूनियन पदाधिकारियों के आदेश हुए तो चक्का जाम पूरा दिन भी रह सकता है। वहीं बैंकों में भी हड़ताल के कारण काम प्रभावित होगा। लगभग सभी विभागों के कर्मचारी अपने कार्यालयों के सामने एकत्रित होकर प्रदर्शन कर सरकार राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे। उधर, प्रशासन ने कर्मचारियों पर शिकंजा कसते हुए जिले में धारा 144 लगा दी है। बैंकों की एक यूनियन हड़ताल में शामिल नहीं

पंजाब नेशनल बैंक आफिसर एसोसिएशन के महासचिव एसके कटारिया ने बताया कि हड़ताल में दो यूनियन शामिल हो रही हैं। अभी एआइबीओसी ने हड़ताल में शामिल होने की घोषणा नहीं की है। यदि यह यूनियन भी हड़ताल में शामिल होती है तो सभी बैंक पूरी तरह से बंद रहेंगे। इस यूनियन के पदाधिकारियों से बात चल रही है। फिर भी बैंकों कार्य तो प्रभावित होगा ही। हड़ताल में शामिल कर्मचारी वर्कशॉप रोड पर बैंक ऑफ इंडिया के सामने एकत्रित होकर प्रदर्शन करेंगे। जिला में सरकारी बैंकों की 39 ब्रांच हैं। जिनमें दोनों यूनियन के करीब 225 कर्मचारी हैं। प्राइवेट बैंकों में रोजमर्रा की तरह कामगाज होता रहेगा।

रोडवेज विभाग ने कोर्ट से लिया स्टे, चंडीगढ़ का रूट बदला रोडवेज कर्मचारियों ने सुबह 11 बजे से दो घंटे के लिए बसों का चक्का जाम करने की घोषणा की है। बसें बंद रहने से लोगों परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रोडवेज यूनियन नेता महीपाल सोडे का कहना है कि इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी। वहीं रोडवेज जीएम लेखराज ने बताया कि विभाग ने कोर्ट से स्टे लिया है। हड़ताल के दिन कोई भी कर्मचारी बस स्टैंड या वर्कशाप के 300 मीटर की परिधि में प्रदर्शन नहीं कर सकता। अंबाला के लिए तो बसें जाएंगे। वहीं जो बसें अंबाला से होकर चंडीगढ़ जाती थी उनका रूट बदला गया है। यमुनानगर से चंडीगढ़ जाने वाली बस साहा से वाया शहजादपुर होकर निकलेगी। वहीं ऐसे चालकों-परिचालकों की लिस्ट बनाई गई है जो हड़ताल के दौरान बसें चला सकेंगे। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देंगे। एचएसइबी वर्कर यूनियन हड़ताल में शामिल नहीं

हड़ताल में बिजली कर्मचारी भी शामिल होंगे। परंतु एचएसइबी वर्कर यूनियन हड़ताल में शामिल नहीं होगी। यूनियन के स्टेट आडिटर अशोक शर्मा का कहना है कि वह हड़ताल में शामिल नहीं होंगे। परंतु हड़ताल का समर्थन करते हुए सभी कर्मचारी अपने कार्यालयों के सामने एक घंटा प्रदर्शन जरूर करेंगे। जिस कारण बिजली सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बिजली निगम के एसई योगराज ने बताया कि यदि कहीं बिजली खराब होती है तो उसे कर्मचारी ठीक करेंगे। इसके अलावा ठेकेदार के माध्यम से भी कर्मचारी रखे गए हैं। वैसे भी सर्दी में बिजली जाने से कोई असर नहीं पड़ता। क्योंकि पंखे, एसी आदि नहीं चलते। आशा वर्कर भी रहेंगी हड़ताल पर

कर्मचारियों की हड़ताल का स्वास्थ्य सेवाओं पर भी मामूली असर पड़ सकता है। विभाग के पास 975 आशा वर्कर हैं। इनमें से करीब 200 आशा वर्कर हड़ताल पर रहेंगी। वहीं सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने सभी कर्मचारियों को नोटिस दिया है कि कोई भी 26 नवंबर को हड़ताल पर नहीं जाएगा और न ही छुट्टी मिलेगी। अवहेलना करने पर कार्रवाई होगी : मुकुल कुमार

डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं कर्मचारी संघों की हड़ताल व 26 नवंबर को किसानों के दिल्ली कूच के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी फैलाकर शांति व कानून व्यवस्था के खराब होने की संभावना को देखते हुए जिला में धारा 144 लगा दी है। आम जनता या जनता का कोई प्रतिनिधि सार्वजनिक स्थानों पर न तो कोई जनसभा करेंगे और न ही चार या चार से अधिक व्यक्ति एक स्थान पर एकत्रित होंगे। इन आदेशों की पालना करवाने की जिम्मेदारी एसपी, सभी एसडीएम व डयूटी मजिस्ट्रेट तथा जिले के सभी थाना प्रभारी की अपने-अपने क्षेत्र की होगी। आदेशों की अवहेलना करने पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी