मंगेतर ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी दे तो युवती ने उठाया खौफनाक कदम
सगाई के बाद मंगेतर फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। इससे आहत युवती ने जहर निगलकर खुदकशी कर ली।
जेएनएन, यमुनानगर। गांव जठलाना में एक युवती की सगाई हुई तो मंगेतर उसे अलग कमरे में ले गया और उसकी तस्वीरें खींच दी। इसके बाद वह उस पर बाहर मिलने का दबाव बनाने लगा। लड़की ने मना किया तो उसने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इससे आहत लड़की ने जहर निगलकर खुदकशी कर ली।
आरोप है कि मंगेतर व उसकी मां ने युवती के चरित्र को लेकर उल्टी बात कह दी। इस कारण युवती ने रात को जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां पर युवती को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवती के चाचा की शिकायत पर मंगेतर व उसकी मां पर केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उनकी भतीजी 12वीं तक पढ़ी थी। 17 जून को उनकी भतीजी का रिश्ता छलौदी के युवक के साथ तय हुआ था। सगाई की सारी रस्म घर पर ही हुई। आरोप है कि सगाई के दिन ही लड़का उनकी भतीजी को अलग कमरे में लेकर गया और वहां पर उसकी तस्वीरें ली।
सगाई के डेढ़ माह बाद वह लड़की को रोजाना फोन करने लगा। मंगेतर उस पर अकेले में बाहर मिलने का दबाव भी बनाने लगा, लेकिन लड़की ने मिलने से मना कर दिया। इस पर वह नाराज हो गया और उसकी फोटो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देने लगा।
इससे लड़की तनाव में रहने लगी। इस बात का पता लगा तो बिचौलिए के माध्यम से लड़के पक्ष को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी। दस दिन से मंगेतर व उसकी मां को समझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच पंचायतें भी हो रही थी। आरोप है कि मंगेतर की मां भी लड़की से ठीक से बात नहीं करती थी। यहां तक कि उसने लड़की को फोन पर कहा कि तू तो ऐसी लगती है, जैसे दो बच्चों की मां हो। इस पर लड़की और अधिक परेशान हो गई। इससे परेशान होकर ही उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें