डीजल के साथ धुएं में उड़ा रहे ऑटो चालक यातायात नियम

By Edited By: Publish:Mon, 08 Jul 2013 07:50 PM (IST) Updated:Mon, 08 Jul 2013 07:51 PM (IST)
डीजल के साथ धुएं में उड़ा रहे ऑटो चालक यातायात नियम

जागरण संवाद केंद्र, यमुनानगर :

शहर में चल रहे ऑटो नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। शहर में इस समय तीन हजार के करीब ऑटो दौड़ रहे हैं। अपने आटो में चालक जरूरत से अधिक सवारियां बैठाकर नियमों की अनदेखी करते हैं। यातायात नियमों को डीजल के साथ उड़ा रहे हैं। यात्रियों को ऑटो में जरूरत से अधिक बैठाते हैं, एतराज करने पर झगड़े पर उतारु हो जाते हैं।

आटो चालक सवारियों को बिठाने के बाद अपनी सीट पर भी यात्रियों को बिठा लेते हैं। अपना पूरा शरीर ऑटो से बाहर निकाल कर आटो चलाते हैं। ऐसे में कई बार उनका संतुलन खराब हो जाता है व आटो पलट भी जाता है। इसके बाद भी ऑटो चालक सावधानी नहीं बरतते। कभी-कभी तो आटो वाले 15-15 सवारियां ऑटो में भर लेते हैं। और ऐसे में अगर और सवारियों ने हाथ दे दिया तो उन्हें भी बिठा लेते हैं। ऑटो चालक वाहन चलाने के मामले में इतनी मनमर्जी हैं कि वह जब चाहें जहां चाहें अपने आटो को खड़ा कर देते हैं।

ऐसे में कभी-कभी पीछे से आ रहे वाहन चालक को भी अचानक रुकना पड़ता है। घबराहट में वाहन चालक अपना संतुलन खोने की वजह से ऑटो या अन्य वाहनों से टकरा जाते हैं। जिन सवारियों को ऑटो चालक अपनी सीट के पास बिठाते हैं वह सवारियां भी कई बार अचानक ब्रेक लगने से आगे की ओर गिर पड़ती हैं। सवारियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए इनकी मनमानी माननी भी पड़ती है। अन्यथा इतनी रात को तो रिक्शा वाले भी अपनी भरपूर कीमत वसूलते हैं। साथ ही रिक्शे से जाने में यात्रियों को विलंब भी होता है, लिहाजा यात्री हार थक कर ऑटो वालों की बात मानने पर मजबूर हो जाते हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी