गांव बिलबिलान में गहराई पेयजल समस्या, ग्रामीण परेशान

गांव बिलबिलान में करीब 10 दिन से पेयजल की समस्या गहराई हुई है। जनस्वास्थ्य विभाग की नियमित पेयजल की सप्लाई नहीं आने से ग्रामीण परेशान हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 05:11 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 05:11 PM (IST)
गांव बिलबिलान में गहराई पेयजल समस्या, ग्रामीण परेशान
गांव बिलबिलान में गहराई पेयजल समस्या, ग्रामीण परेशान

जागरण संवाददाता, गोहाना : गांव बिलबिलान में करीब 10 दिन से पेयजल की समस्या गहराई हुई है। जनस्वास्थ्य विभाग की नियमित पेयजल की सप्लाई नहीं आने से ग्रामीण परेशान हैं। महिलाओं को नलकूपों या ट्यूबवेलों से मटकों में पानी ढोने पर मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलघर के आपरेटर पेयजल सप्लाई में भेदभाव बरत रहा है। अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं करवाया गया।

गांव बिलबिलान की बिमला, कमलेश, मुकेश, पिकी, रेखा, सुनीता, प्रीति, सुदेश ने कहा कि गांव के आधे हिस्से में करीब 10 दिन से पेयजल संकट बना हुआ है। आधे हिस्से में नियमित पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। महिलाओं का कहना है कि जलघर का आपरेटर भेदभाव कर रहा है। आपरेटर आधे हिस्से में रोजाना पेयजल सप्लाई देता है और आधे में नहीं। आधे हिस्से में तीन से चार दिन में एक बार पेयजल की सप्लाई दी जाती है। महिलाओं का आरोप है कि आपरेटर व कुछ लोगों ने सांठगांठ कर रखी है। जो पानी ग्रामीणों को पीने व नहाने के लिए मिलना चाहिए उससे फसलों की सिचाई करवा दी जाती है। महिलाओं का कहना है कि पांच माह पहले भी पेयजल की समस्या गहराई थी। तब अधिकारियों से शिकायत करने के कई दिन बाद समस्या का समाधान हुआ था। इस बार शिकायत करने के बाद समाधान नहीं हुआ है।

पेयजल व्यवस्था पर खर्च किए गए हैं करोड़ों रुपये

बिलबिलान गांव की महिलाओं का कहना है कि सरकार ने उनके गांव में पेयजल व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। गांव की आबादी करीब ढाई हजार है। गांव में जलघर बना हुआ है। इसके अलावा पेयजल सप्लाई के लिए ट्यूबवेल का भी दूसरा विकल्प है। इसके बावजूद गांव में पेयजल की समस्या बार-बार गहरा रही है। महिलाओं ने उच्च अधिकारियों से मांग की कि जांच करवा कर जिस स्तर पर लापरवाही मिले उन अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

chat bot
आपका साथी