शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ का आरोपित प्रधानाचार्य सस्पेंड

शहर की नामचीन शिक्षा संस्थान के प्रधानाचार्य फरार हो गए हैं। वह दो शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ करने और धमकी देने के आरोप में नामजद हैं। स्कूल संचालित करने वाली संस्था ने प्रधानाचार्य को सस्पेंड कर दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 Feb 2020 10:15 PM (IST) Updated:Sat, 08 Feb 2020 06:13 AM (IST)
शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ का आरोपित प्रधानाचार्य सस्पेंड
शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ का आरोपित प्रधानाचार्य सस्पेंड

जागरण संवाददाता, सोनीपत : शहर के नामचीन शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य पर शिक्षिकाओं से प्रताड़ना का केस दर्ज होने पर प्रबंधन ने आरोपित को सस्पेंड कर दिया है। इसके बाद से आरोपित फरार है। आरोपित पर दो शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ करने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज है। पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। तीन टीमें प्रधानाचार्य को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं। डीएसपी खुद मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उधर प्रधानाचार्य ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका डाली है।

शिक्षण संस्था में एक शिक्षिका रसायन विज्ञान और दूसरी भौतिकी की अस्थाई प्रवक्ता थीं। शिक्षिकाओं के अनुसार अक्तूबर में प्रधानाचार्य ने उनका शारीरिक शोषण करना शुरू किया। विरोध करने पर वह नौकरी से निकालने और बदनाम करने की धमकी देता था। शिक्षिकाओं ने इसकी शिकायत संस्था के प्रधान से भी की थी। उसके बाद दोनों शिक्षिकाओं को 31 दिसंबर को विद्यालय से निकाल दिया गया। छेड़छाड़ करने और धमकी देने के आरोप में एक शिक्षिका ने एक फरवरी को और दूसरी से छह फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक शिक्षिका ने प्रधानाचार्य को और दूसरी ने प्रधानाचार्य के साथ ही संस्थान के प्रधान व उप प्रधान को नामजद किया था। रिपोर्ट दर्ज होने और संस्था की बदनामी के चलते प्रधानाचार्य को प्रबंध समिति ने सस्पेंड कर दिया। प्रधानाचार्य को जैसे ही गिरफ्तार होने की आशंका हुई तो वह फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को पहले उसके आवास पर दबिश दी, लेकिन वह गायब मिला। उसके बाद सर्विलांस से तलाश शुरू की गई। परिजनों से पूछताछ और सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर प्रधानाचार्य की धरपकड़ को ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही हैं। इसके लिए तीन टीम लगाई गई हैं। शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ करने का आरोपी प्रधानाचार्य फरार है। उसकी तलाश में तीन टीमें लगाकर छापामारी की जा रही है। हम जल्द ही उसको पकड़ लेंगे। सर्विलांस से प्रधानाचार्य की लोकेशन सर्च करके तलाश की जा रही है।

- पूनम हुड्डा, थाना प्रभारी, महिला थाना रिपोर्ट में प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कारण कुछ भी हो, इससे संस्था की बदनामी हो ही रही है। हमने प्रधानाचार्य को सस्पेंड कर दिया है। जांच पूरी होने तक उसका संस्था से संबंध नहीं रहेगा।

- संस्था के अध्यक्ष

chat bot
आपका साथी