पार्षदों ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा, बोले नहीं हो रही सुनवाई

समस्याएं हल न होने के कारण वार्डवासियों की नाराजगी झेल रहे पार्षदों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बृहस्पतिवार को नगर निगम में मेयर के सामने समस्याएं रख रहे पार्षद भड़क गए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 10:48 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 10:48 PM (IST)
पार्षदों ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा, बोले नहीं हो रही सुनवाई
पार्षदों ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा, बोले नहीं हो रही सुनवाई

जागरण संवाददाता, सोनीपत : समस्याएं हल न होने के कारण वार्डवासियों की नाराजगी झेल रहे पार्षदों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बृहस्पतिवार को नगर निगम में मेयर के सामने समस्याएं रख रहे पार्षद भड़क गए। पार्षदों ने अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया है। वहीं, भाजपा पार्षदों ने अधिकारियों पर सरकार की छवि खराब करने के आरोप लगाए। सीवर समस्या को लेकर मेयर ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। अधिकारियों से जवाब-तलबी भी की गई। अनौपचारिक बैठक में कई पार्षदों ने खुलकर नाराजगी जाहिर की। वार्ड-12 के पार्षद लक्ष्मी नारायण तनेजा ने समस्या का हल न होने पर वार्डवासियों के साथ मिलकर मेयर का घेराव करने की चेतावनी दे दी।

सीवर समस्या से जूझ रहे लोग इन दिनों पार्षदों के दरवाजे खटखटा रहे हैं। हर वार्ड में सीवर समस्या है। लोग परेशानी हल होने की उम्मीद में पार्षदों के घर पहुंच रहे हैं। बृहस्पतिवार को कई वार्डों के पार्षद ने नगर निगम पहुंचे और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया। सुनवाई न होने पर पार्षद भड़क गए। बाद में मेयर निखिल मदान के साथ बैठक कर अधिकारियों की मनमानी से अवगत कराया। इसके बाद संबंधित ब्रांच के अधिकारियों को बुलाया गया। अधिकारियों को भी पार्षदों ने खूब सुनाई। वहीं, मेयर ने भी अधिकारियों से जवाब-तलबी की। कई पार्षदों ने सोमवार तक समस्या का हल न होने पर निगम में धरना देने की चेतावनी दी है। मेयर ने शहर में घूमकर तैयार की सर्वे रिपोर्ट :

मेयर निखिल मदान ने अधिकारियों के साथ घूमकर सीवर समस्या से संबंधित सर्वे रिपोर्ट तैयार की है। निखिल मदान कई जगह ऐसे प्वाइंट पर गए जहां ज्यादा समस्या आ रही है। अधिकारियों को प्वाइंटों पर आ रही अड़चन के बारे में जानकारी ली। वहीं, ऐसे प्वाइंट चिह्नित किए हैं। अब सर्वे के आधार पर सीवर समस्या का हल निकाला जाएगा।

वार्ड में समस्याओं का अंबार है। सीवर का पानी निकालने के लिए पंप और मोटर लगाई गई है, लेकिन मोटर चलाई नहीं जाती। इस कारण समस्या पैदा हो रही है। यदि अधिकारी सही तरीके से काम करे तो समस्या खत्म हो सकती है। कुछ अधिकारी सरकार की बदनामी करने का काम कर रहे है।

सुरेंद्र मदान, पार्षद, वार्ड-3 सरकार बजट देती है, लेकिन बजट का सही तरीके से इस्तेमाल अधिकारी नहीं कर रहे हैं। क्षेत्र में सीवर समस्या का बुरा हाल है। सीवर की सफाई के लिए टेंडर दे रखा है, लेकिन निगरानी न होने से शहर के हालत खराब हो रहे हैं। सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे अधिकारियों की शिकायत की जाएगी।

लक्ष्मी नारायण तनेजा, पार्षद, वार्ड-12

सीवर समस्या की असल स्थिति जाने के लिए शहर का दौरा किया है। इसको लेकर सर्वे रिपोर्ट भी तैयार की है। इसका जल्द समाधान होगा। वहीं, हर वार्ड में एक जेई की ड्यूटी लगाई जाएगी। वार्ड की समस्याओं को हल करवाने की जिम्मेदारी जेई की रहेगी। यदि लापरवाही बरती जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई भी होगी।

- निखिल मदान, मेयर, नगर निगम

chat bot
आपका साथी