भारत बंद को लेकर पुलिस सतर्क

एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने इसे लेकर सभी एएसपी डीएसपी थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन कराने को कहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 06:43 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 06:43 PM (IST)
भारत बंद को लेकर पुलिस सतर्क
भारत बंद को लेकर पुलिस सतर्क

जागरण संवाददाता, सोनीपत : कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को भारत बंद का एलान किया गया है। इसे लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसके लिए पैरामिलट्री फोर्स व पुलिस की नौ कंपनी तैनात की गई हैं। इसके साथ ही तीन एएसपी व पांच डीएसपी को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले में 16 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। आपात स्थिति के लिए पुलिस की आठ कंपनी रिजर्व में रखी गई हैं। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को सभी जरूरी निर्देश दिए हैं।

कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनकारी लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न संगठनों ने 27 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। कुंडली बार्डर पर आंदोलनकारियों की भीड़ के चलते यहां आंदोलन का असर अधिक रहता है। संयुक्त किसान मोर्चे के पदाधिकारियों ने बाजारों के साथ ही केजीपी, केएमपी और जीटी रोड पर आवागमन पूरी तरह बंद करने का एलान किया है। इसके चलते पुलिस भी सतर्क हो गई है।

एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने इसे लेकर सभी एएसपी, डीएसपी, थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन कराने को कहा है। बंद वाले मार्गों से पहले ही वाहनों का रूट डायवर्ट कर किया जाएगा। सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहनों का जमावड़ा नहीं होने दिया जाएगा। बंद का नेतृत्व करने वालों के नेताओं संपर्क में रहकर पुलिस उनको कानून व्यवस्था का पालन करने के लिए तैयार कर रही है।

..

एनएच-44 के साथ खरखौदा व गोहाना में सुरक्षा कड़ी

पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 के साथ ही केएमपी और केजीपी तथा खरखौदा व गोहाना में ज्यादा संख्या में सुरक्षाकर्मी लगाए हैं। केजीपी, केएमपी और नेशनल हाईवे पर आठ नाके लगाकर जरूरत के अनुसार फोर्स उपलब्ध कराई जाएगी।

---

पैरामिलिट्री और पुलिस की नौ कंपनियां तैनात, आठ रिजर्व :

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नौ कंपनी लगाई हैं, जिसमें सीआरपीएफ के साथ ही पुलिस की कंपनी शामिल है। वहीं आठ कंपनी रिजर्व में रखी गई है। इसके साथ ही संबंधित थानों की पुलिस भी लगाई है। पुलिस टीम तीन एएसपी व पांच डीएसपी के नेतृत्व में तैनात रहेगी।

...

किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। पुलिस वीडियोग्राफी व ड्रोन के जरिये स्थिति पर नजर रखेगी। लोगों को बेवजह घरों से बाहर निकलना चाहिए। हो सके तो सोमवार की अपनी यात्रा स्थगित कर दें। पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

- जशनदीप सिंह रंधावा, पुलिस अधीक्षक- सोनीपत।

.....

मंडी के व्यापारी भी बंद रखेंगे काम-काज :

प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के समर्थन में हरियाणा की अनाज मंडियां भी बंद रहेंगी। व्यापार मंडल इस आंदोलन के साथ है। किसान व आढ़तियों का सदियों से लेन-देन है, मगर सरकार राजनीतिक हित साधने के लिए किसान व आढ़तियों का भाईचारा खराब करने में लगी हुई है। नरमा व सरसों आदि फसलें आढ़तियों के माध्यम से खरीदने की बजाये सीधे सरकारी एजेंसियों के खरीदने से आढ़तियों का व्यापार ठप करने में लगी हुई है।

----

कर्मचारी एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम सौपेंगे ज्ञापन :

संस गन्नौर : सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं अखिल भारतीय कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर सभी कर्मचारी 27 सितंबर को भारत बंद का सर्मथन करेंगे। इस दौरान कर्मचारी एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौपेंगे। संघ के जिला प्रधान रामेहर शर्मा ने कहा कि संघ के समर्थन में सभी कर्मचारी सोमवार को लहरी सिंह पार्क में एकत्रित होंगे। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारी को पक्के करने, पंप आपरेटर को समय पर वेतन देने, ट्रांसपोर्ट बिल वापस लेने, बिजली संशोधन, कृषि कानून रद्द करने आदि मांगों को लेकर ज्ञापन सौपेंगे। इसको लेकर हुई बैठक में सचिव जयभगवान दहिया, मलूक सिंह, शीलकराम मलिक, नफीश, इंद्र पहल, संदीप कश्यप, अजय, अरूण चौहान आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी