घर में दबाये 8 तोले सोने व 30 तोले चांदी के आभूषण चोरी, मामा ने जताया भानजी पर शक

गांव गंगा में लाखों रुपये कीमत के जेवरात चोरी होने का मामला सामने

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Feb 2019 11:15 PM (IST) Updated:Wed, 13 Feb 2019 11:15 PM (IST)
घर में दबाये 8 तोले सोने व 30 तोले चांदी के आभूषण चोरी, मामा ने जताया भानजी पर शक
घर में दबाये 8 तोले सोने व 30 तोले चांदी के आभूषण चोरी, मामा ने जताया भानजी पर शक

संवाद सहयोगी, डबवाली :

गांव गंगा में लाखों रुपये कीमत के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मकान मालिक ने जमीन के नीचे करीब एक फीट गहरा गड्ढा खोदकर जेवरात छुपाए थे। जमीन पर किया गया लेप गिला होने पर उसे संदेह हुआ। उसने मिट्टी हटाई तो जेवरात गायब मिले। दौलत राम ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। जिसके आधार पर पुलिस ने रानियां के धोतड़ गांव निवासी प्रियंका के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित मकान मालिक की भानजी है।

दौलत राम आढ़ती के पास तुलाई का कार्य करता है। 31 जनवरी को वह परिवार सहित अपने साले अमित तथा सुमित की शादी में गांव बड़वा (हिसार) गया था। घर की देखभाल के लिए वह भानजी प्रियंका तथा मां बदामी देवी को छोड़ गया था। 2 फरवरी को घर वापस आया। 3 फरवरी को बदामी देवी वापस अबोहर (पंजाब) चली गई। 4 फरवरी को प्रियंका को वापस उसके गांव धोतड़ छोड़ दिया। 5 फरवरी को दौलत राम की पत्नी सफाई करते-करते उस कमरे में पहुंची, यहां जमीन में जेवरात दबा रखे थे। गोबर का ताजा लेप देखकर उसने शोर मचा दिया। परिवार ने जमीन खोदी तो जेवरात गायब मिले। परिवार ने नानी-दोहती से पूछताछ शुरू कर दी। दौलत के अनुसार उसकी मां तो वापस अबोहर से आ गई लेकिन प्रियंका ने कोई जवाब नहीं दिया। 7 फरवरी को वह अपने पति राकेश के साथ बाइक पर आई। उसकी पत्नी को घर पर अकेला पाकर मारपीट कर चली गई। उसने गोरीवाला पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। दौलत के अनुसार उसके घर से 8 तोला सोना तथा 30 तोला चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं। भानजी पर संदेह क्यों

प्रियंका के मामा दौलत राम ने बताया कि करीब डेढ़ साल पूर्व वह परिवार सहित कपाल मोचन मंदिर में माथा टेकने गया था। उस समय प्रियंका ने अपनी मामी से कहा था कि जेवरात आदि संभाल कर जाओ। उसकी पत्नी ने उसे जमीन में दबाए जेवरात के बारे में बताया था। आरोप है कि अब मौका हाथ लगा तो उसने जेवरात पार कर दिए। क्योंकि जब उसे पता चला कि उसके साले की शादी है, तभी से प्रियंका बार-बार कॉल करके गंगा आने की जिद कर रही थी। मुझ पर गलत आरोप लगाया जा रहा है

ममेरा भाई रमेश उसे बाइक पर गांव गंगा लेकर गया था। वही 4 फरवरी को वापस छोड़कर गया था। मामले के संबंध में पंचायत हुई थी। उसके मामा ने गांव में बनी समाध पर नेमा धर्मी करने की बात कही। मैं खुद को सच्चा साबित करने के लिए यह भी करने को तैयार थी। लेकिन मामा मुकर गया। मुझे बदनाम करने के लिए षड्यंत्र रचा गया है। मेरा चोरी से कोई संबंध नहीं है।

-प्रियंका (दौलत राम की भानजी), गांव धोतड़ (रानियां)

chat bot
आपका साथी