विवाद के बाद पति ने लगाई फांसी, पत्नी ने फंदा काटकर बचाया, मरा समझकर पत्नी ने खुद लगा ली फांसी, मौत

संवाद सहयोगी महम क्षेत्र के मोखरा गांव में कहासुनी के बाद आत्महत्या करने का प्रयास कर रह

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 May 2019 06:30 PM (IST) Updated:Fri, 10 May 2019 06:30 PM (IST)
विवाद के बाद पति ने लगाई फांसी, पत्नी ने फंदा काटकर बचाया, मरा समझकर पत्नी ने खुद लगा ली फांसी, मौत
विवाद के बाद पति ने लगाई फांसी, पत्नी ने फंदा काटकर बचाया, मरा समझकर पत्नी ने खुद लगा ली फांसी, मौत

संवाद सहयोगी, महम : क्षेत्र के मोखरा गांव में कहासुनी के बाद आत्महत्या करने का प्रयास कर रहे पति को पत्नी ने फंदा काटकर बचा लिया। लेकिन बाद में उसे मरा समझकर खुद फांसी के फंदे पर झूल गई। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति का पीजीआइ में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की शिकायत पर महम थाना पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मोखरा गांव निवासी सतेंद्र की शादी वर्ष 2005 में सुशीला के साथ हुई थी। दंपती के दो बेटे भी हैं। पुलिस के अनुसार, सतेंद्र शराब पीने का आदी है, जिस कारण अक्सर दंपती के बीच विवाद रहता था।

बृहस्पतिवार देर रात दोनों के बीच फिर से झगड़ा हो गया। इसके बाद सतेंद्र ने रस्सी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन तभी उसकी पत्नी सुशीला वहां पर पहुंच गई। सुशीला ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सकी। इसके बाद चाकू से रस्सी का फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। लेकिन सतेंद्र बेहोश हो गया। उसे मृत समझकर सुशीला भी होश खो बैठी और उसी फंदे से खुद फांसी पर झूल गई। कुछ देर बाद सतेंद्र को होश आया, तब जाकर आसपास के लोगों को जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुशीला के शव को नीचे उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि उसके पति की हालत खराब होने पर पीजीआइ में भर्ती कराया गया। पता चलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी वहां पर आ गए। मृतका के भाई सतीश ने आरोप लगाया है कि सतेंद्र उसकी बहन के साथ अक्सर मारपीट करता था, जिस कारण परेशान होकर उसकी बहन ने आत्महत्या की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दंपती के हैं दो बेटे

सतेंद्र अपने पत्नी और दो बच्चों के साथ परिवार से अलग रहता था। उसका बड़ा बेटा मयंक पाचवीं क्लास और छोटा बेटा हरीश तीसरी क्लास में पढ़ता है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग उन्हें दिलासा देकर शांत कर रहे हैं। दंपती के बीच विवाद होने के बाद यह घटना हुई है। फिलहाल मृतका के भाई की शिकायत पर सतेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

- नरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी महम

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी