विद्यार्थियों को दी सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी, साइकिल प्रयोग करने को भी किया प्रेरित

जागरण संवाददाता, रोहतक : देश में हर रोज सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें रोजाना 400 स

By JagranEdited By: Publish:Thu, 07 Dec 2017 03:05 AM (IST) Updated:Thu, 07 Dec 2017 03:05 AM (IST)
विद्यार्थियों को दी सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी, साइकिल प्रयोग करने को भी किया प्रेरित
विद्यार्थियों को दी सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी, साइकिल प्रयोग करने को भी किया प्रेरित

जागरण संवाददाता, रोहतक :

देश में हर रोज सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें रोजाना 400 से अधिक लोगों की भी मौत हो रही हैं। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाकर इनकी रोकथाम की जा सकती है। इसी कड़ी में दैनिक जागरण की ओर से बुधवार को भिवानी रोड स्थित जन सेवा संस्थान निश्शुल्क पब्लिक स्कूल में सेमिनार का आयोजन किया गया।सड़क सुरक्षा अभियान व पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित किए इस सेमिनार में सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी।इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए उनको साइकिल का अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित भी किया गया। इतना ही नहीं स्कूल के 700 से अधिक विद्यार्थियों सहित समस्त स्टाफ को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। सेमिनार में बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी पर विद्यार्थी अपने अभिभावकों को बेहतर तरीके से बता सकते हैं। इसके साथ ही उनको खुद भी यातायात नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालना सभी को करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने सभी विद्यार्थियों सहित स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों का पालन करने व दूसरों को भी इनके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल का प्रयोग करने का आश्वासन दिया। इससे पहले विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए। जिनका मौके पर ही जवाब दिया गया।

हर साल 70 हजार युवाओं व बच्चों की मौत

सेमिनार को संबोधित करते हुए सेव फ्यूल सेव फ्यूचर मुहिम के संयोजक अशोक गुलिया ने बताया कि सड़क हादसों में मरने वाले लोगों का आंकड़ा देशभर में भयंकर रूप ले रहा है। पिछले साल के ही आंकड़ों पर गौर करें तो अकेले सड़क हादसों में ही 1 लाख 50 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। जिनमें मरने वाले लगभग 70 हजार लोगों की आयु 35 साल से कम पाई गई है। यानि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं और बच्चों की मौतें हुई हैं। वहीं उन्होंने बताया कि देश में हर रोज औसतन 400 से अधिक लोगों की मौत सिर्फ सड़क हादसों में हो रही है। जोकि देश के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश सड़क हादसे यातायात नियमों का पालन न करने से होते हैं। उन्होंने कहा कि कभी कभी तो सड़क हादसे में कोई परिवार तक तबाह हो जाता है। इनकी रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने 18 साल से कम आयु के विद्यार्थियों को स्कूटी या अन्य वाहन न चलाने का आह्वान भी किया। साथ ही यह भी बताया कि इससे कम आयु में वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है।

गिनाए साइकिल चलाने के फायदे उन्होंने विद्यार्थियों वे स्कूल स्टाफ को भी साइकिल का अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित करते हुए साइकिल चलाने के फायदे भी बताए। अशोक ने बताया कि रोजाना साइकिल चलाने से जहां तेल पर पैसे खर्च नहीं करने पड़ते वहीं इसे प्रदूषण भी नहीं फैलता है। इसको पार्क करने में भी कहीं कोई समस्या नहीं आती है और सड़क हादसों के होने की संभावना भी न के बराबर होती है। इतना ही नहीं इससे विद्यार्थियों का स्वास्थ्य भी दुरुस्त रहता है।

दैनिक जागरण के अभियान को सराहा

जन सेवा संस्थान के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद महाराज, आरएसओ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, अशोक गुलिया व प्राचार्या सोनिया नागपाल व सेमिनार की संयोजक ऊषा मिगलानी सहित सभी ने दैनिक जागरण के अभियान की सराहना की। सभी ने जागरण टीम की सराहना करते हुए कहा कि सड़क हादसों की रोकथाम करने में जागरण का यह अभियान काफी कारगर साबित होगा। बता दें कि दैनिक जागरण की ओर से सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इससे पहले दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और अतिथियों का स्वागत किया गया।। इस अवसर पर स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा मन्नू और नैंसी ने विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान की ताजा जानकारी भी दी।

--------------------

सड़कों पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिस कारण विभिन्न स्थानों पर जाम की समस्या बन जाती है और शहर से पार निकलने में घंटों का समय लगने लगा है। सड़कों पर वाहनों की पार्किंग व अस्थाई अतिक्रमण के चलते समस्या और भी गहराई हुई है। जिससे सड़क किनारे पैदल चलना भी जोखिम भरा हो चला है। रोजाना सड़क हादसों के समाचार सुनने को मिल रहे हैं। ऐसे में यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों की रोकथाम की जा सकती है। वहीं विद्यार्थियों को भी दुपहिया वाहनों की बजाए साइकिल का ही दिनचर्या में अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए।

- सोनिया नागपाल, प्राचार्या जन सेवा संस्थान निश्शुल्क पब्लिक स्कूल।

chat bot
आपका साथी