शैडो कैबिनेट की जरूरत हरियाणा कांग्रेस को : पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

रोहतक में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस पार्टी पर जवाबी हमला बोला।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 10:02 AM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 10:02 AM (IST)
शैडो कैबिनेट की जरूरत हरियाणा कांग्रेस को : पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
शैडो कैबिनेट की जरूरत हरियाणा कांग्रेस को : पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

जासं, रोहतक : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस पार्टी पर जवाबी हमला बोला। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि धड़ों में बटी और अपने ही प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा को तवज्जो नहीं देने वाली हरियाणा कांग्रेस को शैडो कैबिनेट की असली जरूरत है। पार्टी में अपने ही प्रदेश अध्यक्ष का कोई वजूद नहीं है। इसलिए हुड्डा अपनी पार्टी की चिता करें।

रोहतक में पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा सरकार के कामों का विश्लेषण करने के लिए जनता बैठी है, पूर्व मुख्यमंत्री चिता ना करें। असल में आज उपचुनाव को देखकर कांग्रेस में घबराहट पैदा हो गई है। जैसे जींद उपचुनाव में रणदीप सुरजेवाला मुश्किल से अपनी जमानत बचा पाए थे, वैसे ही बरोदा में कांग्रेस को सीट खोने की चिता सता रही है। पूर्व मंत्री ने कहा कि आज हुड्डा को किसानों की याद आ रही है। यह वही हुड्डा हैं, जिन्होंने किसानों की लाखों एकड़ जमीन सस्ते भाव में लेकर रियल एस्टेट को बेचने का काम किया। साल 2014 में हरियाणा की जनता ने भाजपा की सरकार बनाई, तभी से हुड्डा कहते आ रहे हैं कि सरकार छह महीने की मेहमान है, लेकिन आज सरकार को दूसरे कार्यकाल के साथ छह वर्ष पूरे होने जा रहे है। यह भी कहा है कि बरोदा की जनता जानती है कि आज हरियाणा में ईमानदार और पारदर्शी सरकारी तंत्र लगातार मजबूत हो रहा है। मुख्यमंत्री ने हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने हरियाणा में राजनीति के मायने बदल दिए हैं। पहले लोगों को अपने कामों के लिए भटकना पड़ता था, लेकिन आज ऐसा नहीं है। पूर्व मंत्री ने कहा कि बरोदा की जनता समझदार है और वह सरकार के साथ चलकर अपने विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में आगे लेकर जाएगी। यह भी कहा है कि हुड्डा दिन में सपने देखते हैं। इस मौके पर महामंत्री सतीश आहूजा, मंडल अध्यक्ष अशोक सहगल, पूर्व पार्षद विजेंद्र कादयान, पंच अशोक मोर मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी