नवयुवाओं को संस्कारित करने के लिए शिक्षा में लाने होंगे संस्कार

जागरण संवाददाता रोहतक आर्य समाज बोहर आर्य यज्ञशाला में आयोजित साप्ताहिक यजुर्वेद पारायण

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 11:57 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 11:57 PM (IST)
नवयुवाओं को संस्कारित करने के लिए शिक्षा में लाने होंगे संस्कार
नवयुवाओं को संस्कारित करने के लिए शिक्षा में लाने होंगे संस्कार

जागरण संवाददाता, रोहतक : आर्य समाज बोहर आर्य यज्ञशाला में आयोजित साप्ताहिक यजुर्वेद पारायण यज्ञ का पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। इस दौरान आर्य समाज कोविड रिलीफ अभियान के राष्ट्रीय संयोजक स्वामी आदित्यवेश ने कहा कि पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हमें गर्व है कि आर्य समाज तथा ऋषि दयानंद के अनुयायियों का देश की आजादी में सर्वाधिक योगदान रहा है। स्वामी श्रद्धानंद, लाला लाजपत राय, सरदार भगत सिंह, रामप्रसाद बिस्मिल, भाई परमानंद आदि आर्य समाज की पृष्ठभूमि के रहे हैं। गुरुकुल झज्जर के संचालक आचार्य विजयपाल ने कहा कि वैदिक संस्कृति किसी वर्ग विशेष या स्थान विशेष के लिए नहीं, बल्कि प्राणी मात्र के लिए हैं। शिक्षा में संस्कारों को शामिल करना चाहिए तभी नवयुवकों को एक नई दिशा मिलेगी। शिक्षा के नाम पर सिर्फ अक्षर ज्ञान दिया जाता है, लेकिन जब तक जीवन में संस्कार नहीं होंगे तो हम मानव होकर भी मानव नहीं, बल्कि पशु के समान होंगे। इसलिए प्राथमिकता के आधार पर बच्चों को संस्कारित करना चाहिए। यज्ञ के ब्रह्मा डा. जगदेव विद्यालंकार ने कहा कि मानव निर्माण से लेकर सृष्टि के संचालन का पूरा ज्ञान वेद में है। यज्ञों की परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए। आचार्य यशवीर ने कहा कि आज युवाओं को सही दिशा देने की आवश्यकता है। आर्य समाज बोहर के संरक्षक सतीश नांदल ने कहा कि आर्य समाज ही सामाजिक बुराइयों को मिटाने में सक्षम है, क्योंकि उसका इतिहास आंदोलनों वाला रहा है इस मौके पर स्वामी ब्रह्मानंद, कृष्ण शास्त्री, नांदल खाप के प्रधान ओमप्रकाश नांदल, जोंगेन्द्र सिंह, विनोद आर्य, डा. यशदेव शास्त्री, संचित नांदल, आर्य समाज बोहर के प्रधान धनीराम आर्य, अजय आर्य, विशाल आर्य, समाजसेवी जोंगेन्द्र, ओमप्रकाश, डा. विवेकानंद, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन, कंवर सिंह गुलिया, सुखबीर दहिया और डा. रविन्द्र शास्त्री आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी