मनोहर लाल बोले- भाजपा एक साथ चुनाव के लिए तैयार

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अगर एक साथ चुनाव की बात आती है तो हरियाणा सरकार इसके लिए तैयार है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 14 Aug 2018 07:12 PM (IST) Updated:Thu, 16 Aug 2018 08:46 PM (IST)
मनोहर लाल बोले- भाजपा एक साथ चुनाव के लिए तैयार
मनोहर लाल बोले- भाजपा एक साथ चुनाव के लिए तैयार

जेएनएन, रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक राष्ट्र एक चुनाव के सिद्धांत का समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि सभी राजनीतिक दलों की सहमति व संविधान में संशोधन होने के बाद ही यह संभव हो पाएगा। अगर एक साथ चुनाव की बात आती है तो हरियाणा सरकार इसके लिए तैयार है। मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार पूरे देश में एक साथ चुनाव करवाने से बार-बार पडऩे वाले आर्थिक बोझ से भी निजात मिलेगी। बार-बार चुनाव के दौरान आचार संहिता लगने पर विकास कार्य भी बाधित होते हैं। सभी दल मिलकर इस कार्य में सहयोग करें तो आगामी 2024 के चुनाव में एक साथ चुनाव करवाने की योजना को साकार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र परिवहन सुरक्षा नीति तैयार की जा रही है। इस नीति के लिए विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को यातायात की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। जिन स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में यातायात सुविधा नहीं है, उन स्थानों के लिए छोटे वाहनों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए यातायात सुविधा को सुगम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नीति के तहत स्कूल व कालेजों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना छात्राओं के साथ-साथ छात्रों के लिए भी लागू होगी। दूरी के हिसाब से किराया भी तय किया जाएगा।

बच्चों की कम संख्या स्कूलों का होगा रेशनेलाइजेशन 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को गुणवत्ता युक्त बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है ताकि प्रदेश के युवाओं को स्कूलों में बेहतर शैक्षिक माहौल मिले। इसके लिए जिन स्कूलों में शिक्षक स्टाफ ज्यादा है और बच्चों की संख्या कम है, ऐसे स्कूलों का रेशनेलाइजेशन कर शिक्षकों व बच्चों को बड़े स्कूलों में एडजस्ट किया रहा है ताकि स्कूलों में शिक्षकों की संख्या बढ़ सके और बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।

अभय के बयान को बताया शेख चिल्ली का सपना

मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस सरकार में खोदे गए गड्ढे भरने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है। उस समय के लंबित कार्य भी भाजपा सरकार ने पूरे किए हैं। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र अनुसार 90 फीसद कार्य पूरे कर दिए हैं और शेष पर तेजी से काम चल रहा है। पूर्व सीएम अब घोषणाएं करते घूम रहे हैं। अगर जनता के लिए घोषणाएं करनी थी तो दस साल प्रदेश की सत्ता उनके ही हाथ में थी, तब कर देते। अभय चौटाला के सत्ता में आने पर मुनक नहर का पानी बंद करने के बयान पर उन्होंने कहा कि शेख-चिल्ली के सपने देख रहे हैं।

पार्टी चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे नगर निगम चुनाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगमों के चुनाव के लिए पूरी तैयारियां की जा रही हैं। सोनीपत नगर निगम में वार्डबंदी का कार्य पूरा होने के बाद कभी भी चुनाव कराए जा सकते हैं। इसके लिए सरकार तैयार है और नगर निगमों के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। पुराने रोहतक में भाजपा मजबूत पार्टी बनकर उभरी है। जनता ने सभी दलों का राज देख लिया है। आगामी चुनाव में जनता मूल्यांकन कर भाजपा को विजयी बनाने का कार्य करेगी।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी