मत्स्य पालन के लिए किसानों को करें प्रेरित : दलाल

कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने किसानों से मत्स्य पालन की री सर्कुलेटिग एक्वाकल्चर(आरएसएस) सिस्टम को अपनाने का आह्वान किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 Aug 2020 09:31 AM (IST) Updated:Sat, 08 Aug 2020 09:31 AM (IST)
मत्स्य पालन के लिए किसानों को करें प्रेरित : दलाल
मत्स्य पालन के लिए किसानों को करें प्रेरित : दलाल

जागरण संवाददाता, रोहतक : कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने किसानों से मत्स्य पालन की री सर्कुलेटिग एक्वाकल्चर(आरएसएस) सिस्टम को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से कम पानी में ज्यादा उत्पादन किया जा सकता है। कृषि मंत्री ने शुक्रवार को गांव समचाना में स्थापित की गई आरएएस यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद मत्स्य विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि वे किसानों को मत्स्य पालन के लिए प्रेरित करें और उन्हें बताएं कि किस प्रकार से इस क्षेत्र में अधिक पैसा कमाया जा सकता है।

कृषि मंत्री दलाल ने यह भी कहा कि बेरोजगार युवकों को स्वरोजगार अपनाना चाहिए और मत्स्य पालन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि इच्छुक युवाओं को समचाना के इस प्लांट का भ्रमण करवाएं और उन्हें इस व्यवसाय के लिए प्रेरित करें। कृषि मंत्री ने कहा कि आरएएस यूनिट से 90 फीसद पानी की बचत होती है और उत्पादन अधिक होता है। इस तकनीक में पानी का बहाव बना रहता है और पानी के आने जाने की व्यवस्था की जाती है। यह इजराइल की तकनीक है।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को अच्छे परामर्शदाता भी हायर करने के निर्देश दिए। उपायुक्त आर एस वर्मा ने बताया कि समचाना कि इस यूनिट में वियतनाम कोई और सिगी नाम की श्रेणियों की मछलियों का उत्पादन किया जाता है। इस प्लांट में 15 टैंक है और प्रत्येक टैंक में 40 हजार लीटर पानी का प्रयोग होता है। यह प्लांट मार्च में शुरू किया गया था। उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना के तहत इस प्लांट को लगाने के लिए महिला व अनुसूचित जाति के लोगों को 60 फीसद तथा सामान्य श्रेणी के लोगों को 40 फीसद की सब्सिडी प्रदान की जाती है। इस मौके पर जिला मत्स्य अधिकारी पवन कुमार ने यूनिट के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर खरकड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल के अलावा जिला उपायुक्त आरएस वर्मा, कृषि विभाग के उपनिदेशक रोहताश सिंह, जिला मत्स्य अधिकारी पवन कुमार व सांख्यिकी अधिकारी विनोद हुड्डा आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी