यमुनानगर में विवाहिता की जहर खाने से मौत, मायके वालों का आरोप, दहेज के लिए की गई हत्या

यमुनानगर में एक विवाहिता ने आत्‍महत्‍या कर ली। विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज के लिए बेटी को प्रताडि़त किया जा रहा था। दहेज के लिए बेटी की हत्‍या कर दी गई है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 13 Aug 2022 02:54 PM (IST) Updated:Sat, 13 Aug 2022 02:54 PM (IST)
यमुनानगर में विवाहिता की जहर खाने से मौत, मायके वालों का आरोप, दहेज के लिए की गई हत्या
यमुनानगर में महिला की मौत। फाइल फोटो

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर विवाहिता की हत्या का आरोप लगा है। मृतका के भाई तरूण का आरोप है कि शादी के बाद से ही बहन के ससुराल वाले उस पर दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर जहर देकर हत्या की गई है। फर्कपुर थाना पुलिस ने शिकायत पर आरोपित ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, पंजाब के पटियाला के हाकित वाली गली निवासी तरूण की बहन 25 वर्षीय काजल की शादी जवाहरनगर यमुनानगर निवासी रजत के साथ वर्ष 2020 में हुई थी। रजत निगम में ठेकेदार के पास कार्य करता है। आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल को उसके ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर ताने देते थे।

यहां तक कि उसका पति रजत, देवर रोहित, दीपक व शिवम और सास सुनीता व ससुर रामआसरे उस पर मायके से दहेज लेकर आने का दबाव बना रहे थे। उससे पैसों की मांग की जाती थी। परेशान होकर काजल ने मना कर दिया। जिस पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की। कई बार पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुके थे। जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। उस समय काजल गर्भवती थी, तो आरोपितों ने उसे डिलीवरी कराने के लिए मायके भिजवा दिया था।

यहां पर उसे एक बेटा पैदा हुआ। उसे बेटा होने पर ससुरालिए दो लाख रुपये व सोने का सैट देने की मांग की, लेकिन मायके वालों ने पैसा देने में असमर्थता जाहिर और काजल को ससुराल में भिजवा दिया। अब दो दिन पहले पता लगा कि काजल की तबीयत खराब है और उसे इलाज के लिए मुलाना दाखिल कराया है। जब तक मायके वाले पहुंचे, तो उसकी मौत हो चुकी थी। मायके वालों का आरोप है कि काजल को जहर देकर मारा गया है।

chat bot
आपका साथी