गांधी प्रतिमा से छेड़छाड़, मुंह पर लगाया आटा तो हाथ पर पॉलिथीन में टांगी सूखी रोटियां

करनाल में अराजकतत्‍वों ने गांधी प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की। प्रतिमा के मुंह पर किसी ने आटा लगाया साथ ही हाथ पर पॉलि‍थीन में सूखी रोटियां टांग गया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 07 Aug 2020 07:02 AM (IST) Updated:Fri, 07 Aug 2020 07:02 AM (IST)
गांधी प्रतिमा से छेड़छाड़, मुंह पर लगाया आटा तो हाथ पर पॉलिथीन में टांगी सूखी रोटियां
गांधी प्रतिमा से छेड़छाड़, मुंह पर लगाया आटा तो हाथ पर पॉलिथीन में टांगी सूखी रोटियां

पानीपत/करनाल, जेएनएन। पुराने जीटी रोड स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। प्रतिमा के हाथ पर सूखी रोटियों से भरा पॉलिथीन टांग दिया गया तो वहीं मुंह पर भी आटा और रोटियां रगड़ी गईं। यह घटना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा शरारतपूर्ण ढंग से अंजाम दी गई मानी जा रही है। 

सिविल लाइन थाने, महिला थाने व सदर थाने के समक्ष ही पुराने जीटी रोड पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है। यहां से अलसुबह ही राहगीरों की अच्छी संख्या में आवाजाही शुरू हो जाती है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से यह भी एक है। वीरवार को लोग सुबह जब यहां से गुजरने लगे तो महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ की गई छेड़छाड़ देख हैरान रह गए। काबिल ए गौर पहलू यह है कि यहां से जिला उपायुक्त से लेकर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों का आना-जाना भी नियमित रूप से लगा रहता है, लेकिन किसी ने भी इस ओर गंभीरता से नहीं देखा। इसी बीच, दैनिक जागरण संवाददाता ने थाना सिविल लाइन के एसएचओ संजीव गौड़ को सूचना दी तो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रतिमा से सूखी रोटियों का पॉलिथीन हटाया तो वहीं मुंह का भाग भी साफ किया गया।

चौंकाती है तीन थानों के पास ऐसी घटना

मौके पर मौजूद राहगीर राजबीर, प्रतीक, देशराज आदि का कहना था कि इस स्थल के पास ही तीन पुलिस थाने हैं और उनके इतने करीब महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ इस तरह से छेड़छाड़ करना कोई साजिश भी हो सकती है। पुलिस को जल्द से जल्द आरोपित का सुराग लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रतीत हो रही किसी की शरारत : एसएचओ

थाना सिविल लाइन एसएचओ संजीव गौड़ का कहना है कि फिलहाल यही प्रतीत हो रहा है कि किसी ने प्रतिमा के साथ शरारत की है लेकिन मामला गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपित का पता लगाया जा रहा है। प्रतिमा साफ करवा दी गई है।

chat bot
आपका साथी