पत्नी से मनमुटाव में साले की ले ली जान

कैथल : पत्नी के साथ विवाद में एक व्यक्ति ने चाकू से गोदकर 17 वर्षीय साले की हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 20 Jul 2018 01:35 PM (IST) Updated:Fri, 20 Jul 2018 01:45 PM (IST)
पत्नी से मनमुटाव में साले की ले ली जान
पत्नी से मनमुटाव में साले की ले ली जान

जागरण संवाददाता, कैथल : बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने चाकू से गोदकर अपने 17 वर्षीय साले की हत्या कर दी और शव हरी नगर के नजदीक रेलवे लाइन के पास फेंक दिया। परिजनों ने वारदात में जीजा के साथ मृतक के मौसेरे भाई पर भी शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौसेरे भाई को गिरफ्तार कर मुख्य आरोपित जीजा की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक विक्रम (17) चाय की रेहड़ी पर काम करता था। उसके पिता की करीब दस साल पहले मौत हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे विक्रम का मौसेरा भाई राहुल घर आया और विक्रम को अपने साथ ले गया। देर रात 11 बजे तक जब विक्रम घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच उन्हें राहुल दिखाई दिया। उससे विक्रम के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह उसे लुधियाना निवासी मनोहर के साथ रेलवे लाइन के नजदीक छोड़कर नमकीन लेने दुकान पर आ गया था। जब वापस गया तो मनोहर ने कहा कि विक्रम उसके साथ झगड़ा कर घर चला गया है और उसे भी वापस भेज दिया। परिजन जब राहुल को साथ लेकर घटना स्थल पर पहुंचे तो विक्रम का खून से लथपथ शव झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला।

हत्या का संभावित कारण

मृतक विक्रम की छह बहनें हैं, इनमें से दो बहनों की शादी हो चुकी है। रजनी की शादी लुधियाना निवासी मनोहर के साथ हुई थी। रजनी की दूसरी और मनोहर की यह तीसरी शादी थी। किसी बात को लेकर झगड़ा होने के कारण रजनी कई माह से मायके में ही आई हुई थी। मनोहर इसी कारण विक्रम से मन-मुटाव रखता था। बिना कार्यवाही लौट गई पुलिस

हत्या की सूचना पर सिटी थाना व नई अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंरी, लेकिन रेलवे पुलिस का क्षेत्र बताते हुए बिना कार्यवाही किए ही लौट गई। वहीं राजकीय रेलवे पुलिस(जीआरपी) ने भी स्थानीय पुलिस का क्षेत्र बताते हुए शव उठाने से इन्कार कर दिया। परिजन ऑटो रिक्शा से शव लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। हालांकि बृहस्पतिवार सुबह जीआरपी ने माना कि घटना उनके क्षेत्र में हुई है। इसके बाद अंबाला राजकीय रेलवे पुलिस के डीएसपी व कुरूक्षेत्र रेलवे पुलिस थाना के एसएचओ कर्मचंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतककी मां की शिकायत पर दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। किशोर की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का पता चल पाएगा।

कृष्ण कुमार, इंचार्ज, राजकीय रेलवे पुलिस, कैथल।

chat bot
आपका साथी