किसान आंदोलन खत्म होने के बाद पानीपत टोल नाके पर टैक्स वसूली शुरू, लगा लंबा जाम

किसान आंदोलन के खत्म होने के बाद पानीपत नाके पर टोल वसूली शुरू। सभी लाइनों पर जाम लगा। ट्रैफिक पुलिस ने यहां नहीं किया इंतजाम। इसी नाके के पास ही किसान एक साल से धरने पर बैठे थे।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Mon, 13 Dec 2021 03:21 PM (IST) Updated:Mon, 13 Dec 2021 03:21 PM (IST)
किसान आंदोलन खत्म होने के बाद पानीपत टोल नाके पर टैक्स वसूली शुरू, लगा लंबा जाम
पानीपत टोल नाके पर वाहन चालकों से टोल लेते हुए।

पानीपत, जागरण संवाददाता। किसान आंदोलन के खत्म होने के बाद अब टोल नाकों पर वसूली शुरू होने लगी है। पहले कहा जा रहा था कि अभी तीन से चार दिन बाद टोल टैक्स शुरू होगा। लेकिन कंपनी ने बिना किसी को बताए, टोल वसूली शुरू कर दी। इसका असर ये हुआ कि हाईवे पर जाम लग गया है। 

पानीपत में टोल नाके पर ही किसान संगठनों ने धरना दे दिया था। इसके बाद से यह भी ऐलान किया था कि किसी से टोल नहीं वसूलने दिया जाएगा। कंपनियों ने टोल वसूली बंद कर दी थी। करीब एक साल से टोल की वसूली नहीं हो रही थी। गाड़ियां बिना टोल दिए, आसानी से गुजर रही थीं। इससे जाम भी नहीं लग रहा था। अब जैसे ही टोल की वसूली शुरू हुई है, उसी समय से जाम लगना शुरू कर दिया है। 

कहां है ट्रैफिक पुलिस

टोल नाका शुरू होते ही लंबा जाम लग गया। यहां पर व्यवस्था संभालने वाला कोई नहीं है। ट्रैफिक पुलिस और एलएंडटी कंपनी ने जाम से मुक्ति के लिए इंतजाम नहीं किए।

अब रिन्यू करा लें फास्टैग

एक साल से टोल की वसूली बंद थी। लोगों ने फास्टैग रिन्यू नहीं कराए थे। अब दोबारा से रिन्यू कराने होंगे। अगर फास्टैग रिन्यू यानी रिचार्ज नहीं होंगे तो दो गुना चार्ज देना पड़ेगा। अगर कैश वाली लाइन से निकलते हैं तो लंबे जाम का सामना करना पड़ेगा। 

पानीपत के टोल नाके की चर्चा संसद तक हुई थी 

आपको बता दें कि पानीपत के टोल नाके की चर्चा संसद तक हुई थी। सांसद संजय भाटिया ने मांग की थी कि पानीपत के लोगों से टोल नहीं वसूलना चाहिए। दरअसल, पानीपत के स्थानीय निवासी फ्लाईओवर का इस्तेमाल नहीं करते। करनाल जाते हुए उन्हें टोल देना पड़ता है। सांसद का कहना था कि जब लोग फ्लाईओवर का इस्तेमाल नहीं करते तो टोल टैक्स क्यों दें। हालांकि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान ऐसा कोई नियम और शर्त नहीं थी। इस वजह से सांसद की यह मांग स्वीकार नहीं हो सकी।

chat bot
आपका साथी