बेटी से हैवानियत, सौतेले पिता ने पहले बनाया हवस का शिकार, अब कर दिया सौदा

सौतेले पिता और मां ने अपनी ही नाबालिग बेटी पर सितम ढहाए। सौतेले पिता ने बेटी से कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे बेच दिया। बाल कल्याण समिति की छापेमारी में मामला सामने आया।

By Ravi DhawanEdited By: Publish:Fri, 18 Jan 2019 02:18 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jan 2019 09:11 AM (IST)
बेटी से हैवानियत, सौतेले पिता ने पहले बनाया हवस का शिकार, अब कर दिया सौदा
बेटी से हैवानियत, सौतेले पिता ने पहले बनाया हवस का शिकार, अब कर दिया सौदा

पानीपत, जेएनएन।  एक कलयुगी पिता ने अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म कर बहुत ही शर्मनाक घटना को अंजाम दिया। इस सौतेले पिता ने पिता और बेटी के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया। यही नहीं बाद में उसने बेटी को बेच दिया। इसके बावजूद बाल कल्याण सीमित ने काउंसिलिंग करके खानापूर्ति की।

जाटल रोड देसवाल चौक के पास नेपाल मूल के सौतेले पिता और मां ने नाबालिग बेटी को मॉडल टाउन के विराट नगर निवासी युवक को 1.50 लाख रुपये में बेच दिया। युवक के साथ किशोरी की शादी भी करा दी। बाल कल्याण समिति ने ससुराल में बंधक बनाई गई किशोरी को मुक्त कराया। मां और ससुर समिति के सदस्यों के साथ भिड़ गए। बाद में दोनों को मॉडल टाउन चौकी लाया गया। पीडि़त किशोरी का शुक्रवार को सामान्य अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

एक महिला ने दी हैवानियत की सूचना
देसवाल चौक के पास रहने वाली एक महिला ने बाल कल्याण सीमित को सूचना दी कि 15 दिन पहले एक महिला ने पति के साथ मिलकर मॉडल टाउन के किराए के मकान में रहने वाले व्यक्ति से दो लाख रुपये में 13 साल की बेटी का सौदा किया। दोनों पक्षों में 1.50 लाख रुपये में सहमति बनी। 22 हजार रुपये लेकर किशोरी की व्यक्ति के 22 वर्षीय बेटे से शादी करा दी। रंग-रोगन करने वाले व्यक्ति ने बाकी रकम दंपती को किश्तों में देने की हामी भरी थी।  

अंदर से बंद कर रखा था ताला
बाल कल्याण समिति की सदस्य किरण मलिक और डॉ. मुकेश आर्य शिकायत करने वाली महिला को साथ लेकर विराट नगर पहुंचे। मेन गेट पर अंदर से ताला लगा था। किशोरी ऊपरी मंजिल पर थी। किरण मलिक ने व्यक्ति से चाबी मांगी तो वे आनाकानी कर झगड़ा करने लगे। किशोरी की मां भी विरोध करने लगी। मलिक ने समझाया तो व्यक्ति ने अंदर किशोरी के पास चाबी फेंकी और ताला खुलवाया। किशोरी की मां और ससुर को मॉडल टाउन चौकी ले जाया गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। 

 

सौतले पिता ने कई बार दुष्कर्म किया, मां ने भी पिता का साथ दिया
पीडि़त किशोरी को बाल कल्याण समिति के चेयरपर्सन एडवोकेट पदमा रानी और सदस्य हरिदास शास्त्री के पास ले जाया गया। किशोरी की काउंसिलिंग की गई तो उसने बताया कि वह छोटी थी तभी से उसने पिता को नहीं देखा। मां सौतेले पिता के साथ रहती है। वे एक साल लुधियाना (पंजाब) में रहे। दो महीने पहले रेलवे स्टेशन के पास एक वकील के मकान में किराये पर रहे। सौतले पिता ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसने विरोध किया तो पीटा। मां को इस बारे में बताया तो उसने भी पीटा। मकान मालिक को विवाद का पता चला तो उन्होंने एक महीना पहले कमरा खाली करा दिया। वे रात को रेलवे स्टेशन पर रहे। इसके बाद जाटल रोड पर कमरा लिया। किशोरी ने बताया कि वह और उसका भाई सगे हैं। एक बहन व एक भाई सौतेला है। सबसे छोटे तीन महीने के सौतेले भाई की लुधियाना में छत से गिरने से मौत हो गई थी।  

पिता पहले भी तीन बार बेचने की कोशिश कर चुका था
किशोरी ने बताया कि सौतेला पिता उसे तीन बार पहले भी बेचने की कोशिश कर चुका है। उसे बार-बार पीटते और कहते थे कि उसे बेचकर मालामाल हो जाएगा। व्यक्ति के साथ उसी के घर में शादी करवा दी गई, लेकिन पिता ने यह नहीं बताया कि उसे बेचा गया है।

पति के पास रहना चाहती है पीडि़त
बाल कल्याण की चेयरपर्सन पदमा रानी के सामने किशोरी ने कहा कि माता-पिता उसे पीटते हैं। वह पति के साथ रहना चाहती है। कानून का हवाला देकर किशोरी को शेल्टर होम में छोड़ दिया गया। 

दंपती व किशोरी के पति को तलब किया
मॉडल टाउन चौकी प्रभारी किरण ने बताया कि बाल कल्याण समिति की शिकायत जिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता को दे दी गई है। रजनी गुप्ता ने बताया कि पीडि़त किशोरी की मां और कथित पति धर्मेंद्र के बयान दर्ज कर लिए हैं। किशोरी और धर्मेंद्र की आयु का पता लगाने के लिए दोनों के मां व पिता को शुक्रवार को फिर से बुलाया है। किशोरी पिता को सौतेला बता रही है, लेकिन मां पति को किशोरी का असल पिता बता रही है। शादी के बारे में भी दस्तावेज लिए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी