बिजली कट की वजह से शाहपुर के ग्रामीणों में आक्रोश, जींद-चंडीगढ़ मार्ग किया जाम

जींद में बिजली कट की वजह से ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने जींद चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। बिजली निगम ने रात को ही दूसरे पावर हाउस से जोड़ी सप्लाई जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 25 Aug 2021 12:00 PM (IST) Updated:Wed, 25 Aug 2021 12:00 PM (IST)
बिजली कट की वजह से शाहपुर के ग्रामीणों में आक्रोश, जींद-चंडीगढ़ मार्ग किया जाम
जींद चंडीगढ़ मार्ग जाम कर दिया गया।

जींद, जागरण संवाददाता। जींद के शाहपुर गांव में मंगलवार रात को बिजली सप्लाई नहीं आने पर ग्रामीणों ने जींद-चंडीगढ़ मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने रात को करीब चार घंटे मार्ग जाम रखा। जाम की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण बिजली सप्लाई शुरू करने पर अड़े रहे।

शाहपुर गांव में 33केवी पावर हाउस नगूरां से बिजली सप्लाई आती है। पावर हाउस में फाल्ट आने के कारण शाहपुर समेत छह-सात गांव में बिजली सप्लाई बाधित रही। बिजली कर्मी रात को फाल्ट ठीक करने में लगे हुए थे। लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हुआ। रात को ही बिजली निगम नगूरां एसडीओ कुलदीप भी पावर हाउस में पहुंचे। उन्होंने शाहपुर गांव की बिजली सप्लाई बधाना 33केवी पावर हाउस से जुड़वाई। जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। जाम के कारण चंडीगढ़, करनाल, कुरूक्षेत्र जाने वाले रास्ते बाधित हो गए।

इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। ग्रामीणो ने बताया कि गांव में पूरे दिन में केवल आधा घंटा ही बिजली आई थी। उसके बाद देर शाम तक बिजली नहीं आई। जिस कारण परेशानी बढ़ गई। इन्वर्टर भी जवाब दे गए। गर्मी के साथ मच्छर काट रहे थे। बिजली बगैर पंखे नहीं चल सकते, जिससे बच्चे भी नहीं सो पाए। वहीं पशुओं के लिए चारे और पीने के पानी की दिक्क्त भी आई। गांव में शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं आती। बिजली निगम शेड्यूल के अनुसार बिजली दे। एसडीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि नगूरां 33केवी पावर हाउस में फाल्ट आने की वजह से कई गांव की बिजली सप्लाई बाधित हुई। रात को फाल्ट ठीक नहीं होने पर शाहपुर की बिजली सप्लाई बधाना 33केवी पावर हाउस से जोड़ दी गई थी और रात को ही सप्लाई चालू हो गई थी। नगूरां 33केवी पावर हाउस में आए फाल्ट को ठीक किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी