परीक्षा केंद्र में जैन साध्‍वी बहनों को देख हैरान रह गए सभी, दे गईं ये संदेश

हरियाणा बोर्ड परीक्षा शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में एक केंद्र में दो साध्‍वी बहनें भी पहुंची। उन्‍हें परीक्षा केंद्र में देखकर हर कोई हैरान रह गया।

By Edited By: Publish:Thu, 05 Mar 2020 07:46 AM (IST) Updated:Thu, 05 Mar 2020 10:17 AM (IST)
परीक्षा केंद्र में जैन साध्‍वी बहनों को देख हैरान रह गए सभी, दे गईं ये संदेश
परीक्षा केंद्र में जैन साध्‍वी बहनों को देख हैरान रह गए सभी, दे गईं ये संदेश

पानीपत, [कपिल पूनिया]। हरियाणा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में एक तरफ नकलची हैं, दूसरी तरफ एक ऐसी भी तस्वीर है जो समाज को सही राह पर लाने का संदेश देती है। जैन साध्वी बहनें सांसारिक मोह-माया को त्याग चुकी हैं, शिक्षा का महत्व समझ परीक्षा देने पहुंची। जीटी रोड स्थित आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में इन्होंने पेपर दिया।

साध्वी की उपाधि ले चुकी दो सगी बहनों ने ओपन बोर्ड से सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दी। मूल रूप से जींद की रहने वाली दक्षिता और लक्षिता जैन साध्वी हैं। दोनों सगी बहनें शहर स्थित जैन स्थानक गांधी मंडी में रहती हैं। दक्षिता ने बताया उन्होंने 11 वर्ष से और बहन लक्षिता ने तीन वर्ष से उपाधि ली हुई है। उन्होंने संपूर्ण जीवन धर्म और मानवता को समर्पित किया हुआ है।

छोटी उम्र में ही घर त्‍यागा

छोटी उम्र में ही दोनों ने घर और परिवार का त्याग कर दिया। हालांकि उन्हें किसी चीज का मोह नहीं है, लेकिन शिक्षा का अलग महत्व है। हर व्यक्ति को शिक्षित होना चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ही हर मुकाम को हासिल किया जा सकता है। जैन साध्वी होने के कारण वे नियमित स्कूल नहीं जा सकती, इसलिए ओपन बोर्ड से 10वीं की परीक्षा दे रही हैं।

पूजा ने सात साल बाद कलम उठाई

इधर, पूजा ने सात साल बाद उठाई कलम शहर की डाबर कॉलोनी की पूजा अपने डेढ़ वर्ष के बच्चे के साथ 10वीं की परीक्षा देने पहुंची। परीक्षा के दौरान उसके पिता आजाद ने बच्चे को संभाला। पूजा ने बताया कि उसकी शादी कम उम्र में हो गई थी। तब वह 10वीं में थी। शादी के बाद पढ़ाई छूट गई। दो बच्चे हुए तो घर का खर्च बढ़ गया। पति मेहनत-मजदूरी से मुश्किल से घर चला पाते हैं। कई जगह नौकरी ढूंढ़ी, लेकिन हर बार 10वीं पास न होना रोड़ा बन गया। बच्चा छोटा होने के कारण पढ़ाई नहीं कर पाई। इस बार परिवार के सहयोग से 10वीं का फॉर्म भरा और परीक्षा दी।

chat bot
आपका साथी