Punjab Chunav 2022: बीजेपी का मिशन पंजाब, बनाई ये खास रणनीति, इन लोगों को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Punjab Chunav 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बीजेपी ने एक खास रणनीति तैयार की है। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने हरियाणा बीजेपी के 81 कार्यकर्ताओं को इस रणनीति के तहत शामिल किया है। जो हरियाणा की तरह ही पंजाब में भी पार्टी को जीत दिलाएंगे।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Mon, 17 Jan 2022 01:00 PM (IST) Updated:Mon, 17 Jan 2022 01:00 PM (IST)
Punjab Chunav 2022: बीजेपी का मिशन पंजाब, बनाई ये खास रणनीति, इन लोगों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
Punjab Chunav 2022: बीजेपी ने हरियाणा के कार्यकर्ताओं को दी बड़ी जिम्मेदारी।

अंबाला, जागरण संवाददाता। नवा पंजाब भाजपा दे नाल, के नारे के साथ पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा ने अपनी ताकत झोंक दी है। जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, सभी पार्टियों ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। इन सब के बीच बीजेपी(BJP) ने मिशन पंजाब के लिए खास रणनीति तैयार की है। जिसके जरिए कोशिश यह है कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Poll) में पार्टी को मजबूत स्थिति में लाया जाए।

पंजाब के प्रशासनिक आठ जिलों को भाजपा संगठन ने 11 जिलों में बदला है। इन सभी की कमान डा. संजय शर्मा को दी गई है। इन 11 संगठनात्मक जिलों में हरियाणा भाजपा के 81 कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। हरियाणा में पन्ना प्रमुख की तर्ज पर इस बार पंजाब में भाजपा बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में जुटी है। क्योंकि पहले मात्र 23 सीटों पर ही भाजपा चुनाव लड़ती थी लेकिन पहली बार 117 सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। इसीलिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना अनिवार्य है। क्योंकि पहले हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा नहीं था।

घर-घर पार्टी और केंद्र की नीतियों से लोगों को अवगत करवाएंगे

डा. संजय शर्मा ने बताया कि हर बूथ पर कम से कम 5-7 कार्यकर्ता तैयार किए जा रहे हैं ताकि घर-घर पार्टी और केंद्र की नीतियों से लोगों को अवगत करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार होने के कारण पंजाब में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही बहुत सी योजनाओं का लोगों को लाभ नहीं मिल रहा। इसीलिए इन योजनाओं को भी हर घर पहुंचाया जाएगा। इतना ही नहीं राष्ट्रवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों को आगे रखते हुए चुनाव में जीत सुनिश्चित की जाए रही है। साथ भाईचारे को कायम रखते हुए विकास की ओर नया पंजाब भाजपा दे नाल का नारा दिया जा रहा है। डा. संजय शर्मा के साथ हरियाणा भाजपा के प्रदेश मंत्री सुरेन्द्र आर्य और प्रदेश सह प्रवक्ता सुदेश कटारिया को बतौर सहयोगी जिम्मा सौंपा गया है। केंद्र सरकार में रहते हुए प्रधानमंत्री के कार्याें और राष्ट्रवाद से युवा वोटरों को रूझाने का काम किया जा रहा है।


असीम गोयल को पटियाला उत्तर ग्रामीण की कमान

विधायक असीम गोयल की बात करें तो इन्हें पटियाला उत्तर ग्रामीण जिला की कमान दी गई है। इनको सनौर, राजपुरा और घनौर तीन विधानसभा क्षेत्र दिए गए हैं। विधायक असीम गोयल ने बताया कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर जीत तय की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सात साल के कार्यकाल में जो कार्य किए हैं वह पिछले 70 सालों में कोई पार्टी नहीं कर सकी। इन कार्यों को लेकर लोगों तक पहुंचना और उन्हें लोगों को याद दिलवाना जरूरी है। इसीलिए बूथ स्तर पर ऐसी टीम तैयार की जा रही हैं जोकि इन्हीं कार्यों को लेकर घर-घर तक दस्तक दें और लोगों को सभी कार्य याद करवाएं।

chat bot
आपका साथी